विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में 994 विद्यार्थियों ने दी राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 01 Nov 2026 04:57 PM (IST)

सोनभद्र में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 1175 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 994 ने ...और पढ़ें

सोनभद्र में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में 994 छात्र हुए शामिल।

सोनभद्र में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में 994 छात्र हुए शामिल।

HighLights

  1. सोनभद्र में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा का सफल आयोजन।

  2. 1175 में से 994 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा।

  3. गणित-विज्ञान सरल, सामान्य ज्ञान के प्रश्न उलझाऊ।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को जनपद के राबर्ट्सगंज स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज घोरावल और पिपरी में हुई। इसमें पंजीकृत 1175 विद्यार्थियों में से 994 ने परीक्षा दी जबकि 181 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, गणित और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे गए। दो खंडों में आयोजित परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की मानसिक क्षमता, तार्किक समझ और विषयगत ज्ञान को परखा गया।

परीक्षा देकर बाहर आए बच्चों ने बताया कि गणित और विज्ञान के प्रश्न सरल रहे जबकि सामान्य ज्ञान के प्रश्नों ने काफी उलझा दिया। परीक्षा के प्रथम खंड में सामान्य मानसिक योग्यता परीक्षा (जीएमएटी) तथा दूसरे खंड में शैक्षिक अभिरुचि परीक्षा (एसएटी) आयोजित की गई। दोनों खंडों में 90-90 प्रश्न पूछे गए।

प्रत्येक प्रश्न एक अंक का था। इस प्रकार पूरी परीक्षा 180 अंकों की रही। दोनों खंडों के लिए डेढ़-डेढ़ घंटे का समय निर्धारित था। सामान्य मानसिक योग्यता परीक्षा में विद्यार्थियों की तर्कशक्ति और विश्लेषण क्षमता परखने वाले प्रश्न शामिल रहे, जबकि शैक्षिक अभिरुचि परीक्षा में विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न विषयों से सवाल पूछे गए। परीक्षा के जरिए मेधावी विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाएगा।

परीक्षा में गणित और विज्ञान के प्रश्न थोड़े सामान्य लगे। सामान्य मानसिक योग्यता वाले प्रश्नों में तर्क लगाना पड़ा। तैयारी के अनुसार प्रश्न हल किए हैं। उम्मीद है कि अच्छा परिणाम आएगा।- अंकित, चपइल

सामाजिक विज्ञान और सामान्य ज्ञान के प्रश्न अच्छे थे। कुछ सवालों में सोचने और समझने में समय लगा। समय का ध्यान रखते हुए सभी प्रश्न हल करने का प्रयास किया। - अरविंद, खरहरा

परीक्षा में विषयों की जानकारी के साथ सोचने-समझने की क्षमता भी परखी गई। गणित के कुछ प्रश्नों में अधिक समय लगा, लेकिन सभी प्रश्नों का उत्तर देने का प्रयास किया। - इशु, घटिहटा

प्रश्नपत्र में विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, गणित और सामान्य ज्ञान से सवाल पूछे गए थे। परीक्षा अच्छी रही। छात्रवृत्ति मिलने से आगे की पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी। प्रश्न पत्र काफी कठिन था। - मानवी, गायघाट

इस तरह की परीक्षा से प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति काफी मददगार साबित हो सकती है। - प्रदीप, अभिभावक

बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए ऐसी परीक्षाएं जरूरी हैं। इससे उनमें प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि बढ़ती है और अपनी क्षमता परखने का मौका मिलता है। - विजय बहादुर सिंह, अभिभावक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।