विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र के चुर्क गुरमा नगर पंचायत में अध्यक्ष की मनमानी के खिलाफ 8 सभासदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

Published: Thu, 19 Nov 2026 04:39 PM (GMT+05:30)

सोनभद्र की चुर्क-गुरमा नगर पंचायत में आठ सभासदों ने अध्यक्ष, ईओ और जेई पर मनमानी व विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।

HighLights

  1. आठ सभासदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ इस्तीफा दिया।

  2. विकास कार्यों में मनमानी और अनियमितता का आरोप लगाया गया।

  3. जिलाधिकारी को सामूहिक त्यागपत्र सौंपकर पदमुक्ति की मांग।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। नगर पंचायत चुर्क-गुरमा में विकास कार्यों और कार्यप्रणाली को लेकर अंदरखाने चल रही नाराजगी अब विरोध में बदल गई है। अध्यक्ष के खिलाफ आठ सभासदों ने एक साथ इस्तीफा देकर नगर पंचायत की सियासत में हलचल मचा दी है।

सभासदों ने अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और अवर अभियंता पर मनमानी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को जिलाधिकारी को संबोधित सामूहिक त्यागपत्र सौंपा। इसके साथ शपथपत्र भी दिया और पद से मुक्त करने की मांग की। सभासदों का आरोप है कि नगर पंचायत में विकास का दावा कागजों तक सीमित है। वार्डों में जरूरी काम नहीं कराए जा रहे, लेकिन अभिलेखों में कार्य पूर्ण दिखाकर सरकारी धन निकालने का खेल चल रहा है।

सभासदों के मुताबिक, अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाने और विकास कार्यों की मांग करने के बावजूद उनकी आवाज अनसुनी की जा रही है। अध्यक्ष, ईओ और जेई की कार्यशैली से क्षुब्ध होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। सामूहिक त्यागपत्र देने वालों में वार्ड एक के सूरज चंद्रवंशी, वार्ड दो की ऊषा देवी, वार्ड तीन के रूपेश कुमार, वार्ड छह के अजय सिंह, वार्ड सात के विशाल सिंह, वार्ड आठ की पार्वती देवी, वार्ड नौ के अशफाक कुरैशी और वार्ड 10 की आरती देवी शामिल हैं।

सभासदों ने डीएम से त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है। चेतावनी दी है कि प्रशासन ने उनकी मांग पर निर्णय नहीं लिया तो मंडलायुक्त के समक्ष मामला उठाएंगे। नगर पंचायत चेयरमैन मीरा देवी ने कहा कि सभासदों का आरोप निराधार है। हालांकि सभी से बात की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।