जीरो बजट खेती से आसान होगी किसानों की राह
- उप कृषि निदेशक कार्यालय खैराबाद के पीछे तैयार किया गया है प्रदर्शन प्लॉट - मछली पालन फलोत्पादन और जैविक खाद बनाने के सिखाए जा रहे हैं गुर।
सीतापुर : कृषि विभाग के एक एकड़ खेती के प्लान से किसान जुड़ने लगे हैं। जीरो बजट खेती का ज्ञान पाने के लिए किसान कृषि विभाग के प्रदर्शन प्लॉट पर पहुंच रहे हैं। खैराबाद के उप निदेशक कृषि कार्यालय के पीछे स्थित प्रदर्शन प्लॉट पर प्रतिदिन कई किसान पहुंचते हैं और विभाग के अधिकारी उन्हें खेती-किसानी का ज्ञान देते हैं। एक एकड़ में किस तरह खेती करें, कि लागत कम और आय अधिक हो। खेत के किस हिस्से में फसल तैयार की जाए, किस हिस्से में तालाब बनेगा ये बताया जा रहा है।
प्रशिक्षण ले रहे कामगार भी सीख रहे खेती-किसानी
कृषि विज्ञान केंद्र अंबरपुर में स्वरोजगार प्रशिक्षण ले रहे प्रवासी कामगार भी प्रदर्शन प्लॉट पर पहुंचकर खेती-किसानी के गुर सीख रहे हैं। शनिवार को भी प्रवासी कामगार और किसान प्रदर्शन प्लॉट पर पहुंचे। जैविक खाद तैयार करने, खेत तालाब और मत्स्य पालन की जानकारी ली। पोषक तत्व की संस्तुत मात्रा के 50 फीसद रासायनिक व 50 फीसद जैविक खाद से तैयार की गई धान की फसल के बारे में जानकारी ली।
ये है एक एकड़ खेती का प्लान
एक एकड़ के प्रदर्शन प्लॉट को चार हिस्सों में बांटा गया है। एक हिस्से में धान की फसल लगाई गई है। जिसे दो भागों में तैयार किया जा रहा है। एक हिस्से में जैविक खाद का इस्तेमाल अधिक किया गया है। खेत के दूसरे हिस्से में सब्जी तैयार की जा रही है। तीसरे हिस्से में मक्का और उड़द बोया गया है। चौथे हिस्से में एक तालाब बनाया गया है। खेत के किनारे पर पशुओं का चारा तैयार किया जा रहा है। तालाब के किनारे पर पपीते के पौधे लगाए गए हैं। अमरूद के पौधे भी लगाए हैं। उप निदेशक कृषि अरविद मोहन मिश्रा ने बताया कि, इस एक एकड़ खेत में अनाज, सब्जी, फल और पशुओं का चारा सब कुछ तैयार किया जा सकता है।