पढ़ाया गया सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का पाठ
मिशन शक्ति अभियान के छठे दिन जिला व ग्राम स्तर पर महिलाओं और बालिकाओ
सीतापुर : मिशन शक्ति अभियान के छठे दिन जिला व ग्राम स्तर पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का पाठ पढ़ाया गया। प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में वन स्टॉप सेंटर की टीम ने बाल विवाह की रोकथाम के बारे में बताया। महिलाओं व बच्चों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। डीपीओ राजकपूर की अगुवाई में सभी बाल विकास परियोजनाओं की ओर से जागरूकता कार्यक्रम किए गए। महिलाओं, बालिकाओं और किशोरियों को सुरक्षा, शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य की सलाह दी गई।
प्रशिक्षित किए गए चालक
मिशन शक्ति अभियान के तहत रोडवेज व प्राईवेट बसों, ऑटो, ई-रिक्शा व टैक्सी चालकों को महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए ऑनलाइन व्यवहारात्मक प्रशिक्षण दिया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बस संचालकों व चालकों को बताया कि, महिलाओं को आवंटित सीटें आरक्षित रखी जाएं। महिला साथियों से सम्मान पूर्वक बात करें। यात्रीकर अधिकारी शैहपर किदवई ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, डायल 112, सीएम हेल्पलाइन 1076 आदि के बारे में बताया।
महिलाओं को बताए उनके अधिकार
मिश्रिख : कस्बा स्थित यशोदा कन्या डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने नाटक के जरिए महिला सुरक्षा का संदेश दिया। मिशन शक्ति अभियान के बारे में बताया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस व बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
तंबौर : मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेहटा में छात्राओं को उनके अधिकार बताए गए। इस मौके पर विद्यालय की वार्डेन सीमा शुक्ला, नीलम यादव, रीमा वर्मा, सरिता पाल, रूपांशी सिंह आदि मौजूद रहे।
झरेखापुर : इंटर कॉलेज सेलूमऊ में हुए कार्यक्रम में हरगांव थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने छात्राओं को जागरूक किया। महिला हेल्पलाइन 1090 सहित सुरक्षा के अन्य उपाय बताए। इस मौके पर नागेंद्र प्रकाश सिंह, राजेंद्र यादव, झरेखापुर चौकी इंचार्ज दयानंद तिवारी मौजूद रहे।
मछरेहटा : क्षेत्र के संतराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज गामाबाग अशोकपुर में कोतवाल ओम प्रकाश तिवारी की मौजूदगी में महिला कांस्टेबल शिवानी ने छात्राओं को सुरक्षा के गुर सिखाए। इस मौके पर प्रधानाचार्य एसपी सिंह आदि मौजूद रहे।
लहरपुर : सेंट बिलाल इंटर कॉलेज परिसर में हुई महिला सशक्तिकरण गोष्ठी में कोतवाली प्रभारी ओपी राय ने छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी। इस मौके पर प्रबंधक अशरफ बिलाल, पैरामेडिकल स्टाफ छात्राएं व अभिभावक मौजूद रहे।