बेमौसम बारिश से दलहन-तिलहन व आलू फसलों को नुकसान
शुक्रवार को थाना क्षेत्र के जजौर के जंगल में अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बंधन मुक्त किया। गढ़ी गांव के निकट झाड़ियों में अन्य जानवरों के पकड़ने के लिए शिकारियों द्वारा लगाए गए तार के जाल में एक अजगर फंस कर घायल हो गया। इस पर शिकारी डर कर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों की खबर पर वन विभाग के वन रक्षक रामसेवक वर्मा व अन्य कई कर्मी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद इन लोगों ने घायल अजगर को जाल से मुक्त कराया। वन रक्षक ने बताया कि बंधन मुक्त होते ही अजगर भाग कर निकट खाई में बने बिल में घुस गया।
सीतापुर : गुरुवार रात मौसम बदलने के बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई। रामपुर मथुरा सहित कई इलाकों में ओलावृष्टि भी होने की खबर है। इस बेमौसम बारिश में खास तौर से दलहन-तिलहन और हरी सब्जियों की फसलों को नुकसान हुआ है। कहीं-कहीं सरसों की अगैती फसलों को अधिक क्षति पहुंची है, वह फसलें जमीन पर गिर गई हैं। आलू किसानों को भी इस बारिश से अधिक नुकसान हुआ है। आलू किसानों का कहना है कि बारिश का पानी खेत से निकाल दिया है इसलिए उम्मीद है कि आलू सड़ेगा नहीं, पर यदि किसी आलू फसल के खेत में पानी भर गया है तो नुकसान की गुंजाइश अधिक है।
रेउसा : क्षेत्र में गेहूं की फसल तेज हवा व बारिश के कारण खेत में गिर गई है। सरसों व मटर की फसल को भी नुकसान हुआ है। किसान मिथिलेश गिरि, बलराम रावत, सतीश श्रीवास्तव आदि ने बताया कि इस बारिश से फसलों को फायदा कम नुकसान ज्यादा पहुंच रहा है। मेंथा व गन्ने की फसल को फायदा पहुंचा है। सरसों, मटर व गेहूं आदि की फसलों को नुकसान है।
हरगांव : क्षेत्र में गेहूं, मसूर की फसल को बारिश से नुकसान हुआ है। गन्ना किसानों ने बताया, तेज हवा चलने से गन्ने की फसल खेत में गिर गई है। इससे गन्ने का वजन कम हो जाएगा और उसे काटने में भी दिक्कत रहेगी। किसान राम सागर, केवल सिंह, मन्नू सिंह ने बताया, तेज हवा से सरसों, गन्ना व गेहूं आदि फसलें खेत में गिर गई हैं।
मिश्रिख : क्षेत्र में बेमौसम बारिश गुरुवार रात 11 बजे से शुरू हुई। बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बारिश और तेज हवा के कारण फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं पिछैती रबी फसल के किसानों को लाभ हुआ है। इनकी गेहूं, जौ, मटर आदि फसलों की सिचाई में होने वाला खर्च बच गया है।