विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP में सीट बंटवारे पर खींचतान: सीतापुर की 6 सीटों पर कांग्रेस और सपा के बीच फंसा पेंच

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:55 PM (GMT+05:30)

कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है, जिसमें सीतापुर की छह सीटें भी शामिल हैं, ...और पढ़ें

स्रोत- अखिलेश यादव के इंस्टाग्राम पर जारी की गई तस्वीर।

स्रोत- अखिलेश यादव के इंस्टाग्राम पर जारी की गई तस्वीर।

HighLights

  1. कांग्रेस ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी।

  2. सीतापुर की छह सीटें सपा के परंपरागत गढ़ मानी जाती हैं।

  3. गठबंधन में सीटों को लेकर सियासी खींचतान बढ़ने की संभावना।

जगदीप शुक्ल, सीतापुर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच INDIA गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर सियासी खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपकर अपनी दावेदारी पेश की है। इस सूची में जिले की छह सीटें शामिल हैं।

खास बात यह है कि इनमें कई ऐसी सीटें हैं, जिन्हें सपा अपना परंपरागत राजनीतिक गढ़ मानती रही है। अगर इन सीटों को लेकर कांग्रेस अड़ी रही तो गठबंधन में सीटों को लेकर रार छिड़ना तय माना जा रहा है। खासकर उन सीटों पर सपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आ सकती है, जहां पार्टी लंबे समय से चुनावी तैयारी करती रही है।

कांग्रेस की सूची में सीतापुर लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटें सदर, बिसवां, लहरपुर, महमूदाबाद और सेउता शामिल हैं। छठवीं सीट सिधौली मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। इन सीटों पर कांग्रेस के दावे ने सपा के सामने राजनीतिक असहजता की स्थिति पैदा कर दी है।

कांग्रेस की ओर से इन सीटों पर दावा पेश करने को महज सीटों की संख्या बढ़ाने की कवायद नहीं, बल्कि सपा के स्थानीय राजनीतिक आधार में हिस्सेदारी की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। लहरपुर में सपा विधायक अनिल वर्मा हैं तो महमूदाबाद में सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरेंद्र वर्मा का राजनीतिक प्रभाव रहा है। सीतापुर सदर में पूर्व विधायक राधेश्याम जायसवाल भी सपा की मजबूत राजनीतिक पहचान रहे हैं।

नरेंद्र वर्मा 2002 से 2017 और राधेश्याम जायसवाल 1996 से 2012 तक लगातार चार बार इन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लोकसभा चुनाव में सिधौली से सपा प्रत्याशी आरके चौधरी ने 55,613 मतों से बढ़त ली थी।

लोकसभा चुनाव में मिली बढ़त मानी जा रही दावे की वजह

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राकेश राठौर को सदर में 16326, बिसवां में 42,531, लहरपुर में 24,448, महमूदाबाद में 19,921 मतों से बढ़त मिली थी। माना जा रहा है कि इसीलिए कांग्रेस ने इन सीटों पर दावेदारी की है।

नेताओं ने साधी चुप्पी

फिलहाल कांग्रेस की सूची पर सपा नेतृत्व ने चुप्पी साध रखी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. ममता वर्मा भी इसे शीर्ष नेतृत्व का निर्णय बताकर कोई टिप्पणी करने से बच रही हैं। दोनों दलों के स्थानीय नेताओं की खामोशी के बीच निगाहें अब गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।