अग्निकांड में लाखों की संपत्ति राख, वृद्धा की मौत
सीतापुर : महोली कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी राजरानी (68) का बहू से विवाद हो गया। राजरानी क
सीतापुर : महोली कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी राजरानी (68) का बहू से विवाद हो गया। राजरानी क्षुब्ध होकर छत पर पड़े छप्पर में चली गई और खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। चीख सुनकर लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। तब तक आग ने छप्पर को भी अपनी चपेट में ले लिया था। लोगों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक छप्पर व उसके नीचे रखा सामान जल चुका था और राजरानी की झुलस कर मौत हो चुकी थी। कोतवाल धर्मप्रकाश शुक्ला ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है।
बिसवां शुगर फैक्ट्री यार्ड में खड़े ग्राम रामईपुर निवासी सुशील कुमार के गन्ना लोड ट्रैक्टर में शार्ट सर्किट से आग लग गयी। इससे ट्रैक्टर का इंजन जल गया। गनीमत यह रही की समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। इससे अन्य वाहन आग की चपेट में आने से बच गए।
संदना कस्बे में नेशनल टेलर करी दुकान में आग लगने से कपड़े जल गए। थानगांव थाना क्षेत्र के सरैयां भटपुरवा भयापुरवा निवासी रामनरायन के घर मे आग लग गयी। घटना में 6 बकरियां जिदा जल गई। वहीं नकदी व जेवर भी जल गया। थ्योरा जुम्मनपुरवा निवासी निसार के घर आग लगने से सवा लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। वहीं अख्तर के कारखाने पर भी लाखों का नुकसान हुआ है।
हरगांव थाना क्षेत्र के पिपरा धूरी निवासी गुरूप्रीति कौर व सोहन सिह के खेत रौना के निकट हैं। हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर गिरने से 2 एकड़ गन्ना की फसल जल गई। रेउसा थाना क्षेत्र के महादेवा गांव में अंबर व तेजपाल का अपने भाईयों जगजोत व अशोक से विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने लाठी डंडे चलाए और घरों में आग लगा दी। इससे अंबर घायल हो गया। वहीं घर जलकर राख हो गया। मछरेहट थाना क्षेत्र के पिरियाकोडर गांव निवासी वेदप्रकाश के खेत में हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से आग लग गई। इससे नौ बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई।