विवाहिता समेत दो के शव फंदे से लटके मिले
सीतापुर: सदरपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से मौत हो गई।
सीतापुर: सदरपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से मौत हो गई। मायके पक्ष पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच की बात कह रही है। दूसरी तरफ लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगा ली। सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लच्छीपुर निवासी गोपाल की पत्नी फूलमती (24) शौच के लिए गांव के बाहर खेतों की तरफ गई थी। जिसके बाद वह लौटकर घर नहीं पहुंची। परिजन उसे तलाशने निकले, इसी बीच गांव के बाहर बाग में फूलमती का शव एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने घटना को दहेज हत्या बताया है। विवाहिता के पिता सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोनियनपुरवा निवासी शंभू ने पुलिस को बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व उसने अपनी पुत्री का विवाह गोपाल के साथ किया था। जिसमें हैसियत के मुताबिक दान दहेज दिया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में तरह तरह की चीजों की मांग करने लगा। पिता का आरोप है कि दहेज की मांग को पूरी होते न देख ससुराल पक्ष ने फूलमती की हत्या कर दी है। थानाध्यक्ष निरीक्षक सूर्यबली पांडेय ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। इधर लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेनी सरांय निवासी संतोष कुमार (29) का शव छप्पर में फंदे पर लटका पाया गया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। जिसकी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक चैंपियन लाल ने बताया की युवक ने आत्महत्या की है।