सीखे खेती-किसानी के गुर, मिली योजनाओं की जानकारी
जिले के पांच ब्लॉकों में हुए किसान कल्याण कार्यक्रम में
सीतापुर : जिले के पांच ब्लॉकों में हुए किसान कल्याण कार्यक्रम में किसानों को आय दोगुनी करने के गुर सिखाए गए। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों की समस्याएं जानीं और उनका समाधान किया। विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
रामपुर मथुरा में ब्लॉक परिसर में हुए किसान कल्याण कार्यक्रम में सेउता विधायक ज्ञान तिवारी ने कृषि यंत्रों और उन्नत बीजों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों से संवाद कर उन्नत खेती के गुर बताए। किसानों को प्रमाण पत्र भी दिए गए। विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि विपक्ष किसानों को गुमराह कर रहा है। देश के दूसरे प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का जो नारा दिया था, उसे मोदी सरकार पूरा कर रही है। विधायक ने रामपुर मथुरा क्षेत्र में किसान कल्याण केंद्र स्थापित कराए जाने की घोषणा भी की। इस मौके पर उप कृषि निदेशक अरविद मोहन मिश्रा, ओमप्रकाश मिश्रा, जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव, मोहन बारी, लक्ष्मी मौर्या, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।
मछरेहटा में विधायक रामकृष्ण भार्गव की मौजूदगी में हुए किसान कल्याण कार्यक्रम में किसानों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि रक्षा इकाई के सरोज कुमार ने बताया कि, कृषक मेले में 211 किसानों का पंजीकरण किया गया। 200 किसानों के किसान सम्मान निधि के आवेदन की गड़बड़ी को दूर किया गया। बाल विकास परियोजना अधिकारी सबीना खातून ने बताया कि, विभागीय स्टॉल पर योजनाओं की जानकारी दी गई। एडीओ समाज कल्याण अमिताभ वर्मा ने पेंशन संबंधी समस्याओं को दूर किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख विजय भार्गव, केपी सिंह, बीडीओ आरके उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
बेहटा ब्लॉक परिसर में हुए किसान गोष्ठी एवं प्रदर्शनी में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनुपम वर्मा ने लाभार्थी किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किए। किसानों को कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। किसान कल्याण मिशन के तहत बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, वन विभाग, कृषि एवं कृषि रक्षा विभाग, पशुपालन आदि विभागों के स्टॉल लगाए गए। इस मौके पर अखिलेश सिंह, राजेश कुमार, शेर सिंह, पंकज मिश्रा, दिनेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।