छलका माननीयों का दर्द, अफसर सुनते ही नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ कोर कमेटी की बैठक में माननीयों ने सुनाई अपनी पीड़ा।
सीतापुर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के सीतापुर दौरे के दौरान रविवार को श्रीकृष्णा कॉलेज में कोर कमेटी की बैठक भी हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों के दिलों का गुबार सामने आ गया। अफसरों के न सुनने की पीड़ा का जिक्र हुआ तो सब विधायक हां में हां मिलाते नजर आए।
सूत्र बताते हैं कि बिसवां विधायक महेंद्र यादव ने तो प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कह दिया कि अफसर सुनते ही नहीं हैं। एक माननीय ने भी अपनी पीड़ा कुछ इसी अंदाज में बताई। उन्होंने यह तक कहा कि पुरानी सरकार में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सुनवाई अधिक होती थी। इस दौरान चर्चा सीतापुर के सीएमओ की भी हुई। एक जनप्रतिनिधि ने कहा कि नोडल अफसर, डीएम के अलावा माननीय भी सीएमओ की कार्यशैली पर नाराजगी जता चुके हैं। डीओ भी लिखकर गया लेकिन, सीएमओ पर कार्यवाही नहीं हुई। सेउता विधायक ज्ञान तिवारी ने धान खरीद का मसला भी उठाया। सूत्रों की मानें तो वह बोले कि 10 गांवों का सर्वे कराकर धान खरीद की हकीकत को पता कर लिया जाए। कितने किसानों को समर्थन मूल्य मिला है, इसकी हकीकत पता चल जाएगी। एक माननीय ने पुलिस के वाहन चेकिग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ दोपहिया वाहन चालकों को ही प्रताड़ित किया जा रहा है। बालू, लकड़ी और अन्य गलत धंधों में लगे वाहनों पर किसी की नजर नहीं जा रही है। एक जनप्रतिनिधि ने तो अफसरों की मनमानी के बारे में यह तक कह दिया कि सीतापुर का हाल प्रदेश के अन्य जिलों से भी ज्यादा खराब है। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी की शिकायतों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री से वार्ता करने का आश्वासन दिया। बैठक में शहर विधायक को छोड़कर कोर कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।