SSR के बाद भी सीतापुर की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, जीवित लोगों के नाम कटे; मृतकों को वोटिंग का अधिकार
सीतापुर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के पहले दिन कई खामियां सामने आईं, जिनमें जीवित मतदाताओं के नाम गायब और मृतकों के नाम दर्ज होना शामिल है।

भारत निर्वाचन आयोग का लोगो। स्रोत- आधिकारिक वेबसाइट
संवाद सूत्र, सीतापुर। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के पहले दिन मंगलवार को बूथों पर मतदाताओं की भीड़ जुटी। अपना नाम तलाशने पहुंचा तो कोई परिवार के सदस्यों का नाम खोजने में जुटा रहा। मतदाता सूचियों के अवलोकन के दौरान नाम, उम्र, पिता का नाम और पते से जुड़ी कई खामियां सामने आईं।
कहीं जीवित मतदाताओं के नाम सूची से गायब मिले तो कहीं मृतकों के नाम अब भी दर्ज थे। कई परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदेय स्थलों की सूचियों में दर्ज मिलने से लोगों को परेशानी हुई। बीएलओ ने ऐसे मामलों में आवश्यक आवेदन लेकर सुधार की प्रक्रिया शुरू की। नए मतदाताओं में भी सूची में नाम शामिल कराने को लेकर उत्साह दिखा।
तरीनपुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर मतदान स्थल पर नौ बूथों (107, 108 और 115 से 121) की मतदाता सूचियों के साथ बीएलओ मधु कश्यप, अंकित, जयदेवी, विदर्शना गौतम, अर्चना त्रिपाठी, मुमताज बानो, सवा बानो, सुबोधनी दीक्षित और रश्मि सिंह मौजूद रहीं।
मतदाता एक-एक कर सूचियों में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम तलाशते नजर आए। शमशेरबाग निवासी अनीत मिश्र ने बताया कि उनका नाम भाग संख्या 117 में, जबकि पत्नी अंजू मिश्र का नाम भाग संख्या 118 में दर्ज है।
पिता की जगह पत्नी का नाम
सूचियों में नामों की गड़बड़ी के कई मामले सामने आए। विकास नगर निवासी फत्ते लाल मौर्य के पिता के नाम वाले स्थान पर उनकी पत्नी सोमवती मौर्या का नाम दर्ज मिला। भाग संख्या 117 में शकुंतला मिश्रा और अशोक कुमार के नाम भी सूची में दर्ज मिले, जबकि दोनों की मृत्यु हो चुकी है। खूबपुर विकास नगर निवासी रश्मि सिंह का नाम सूची से कट गया था। उन्होंने दोबारा नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया।
युवाओं ने भी दिखाई जागरूकता
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए युवाओं में भी उत्साह दिखा। सरस्वती विद्या मंदिर मतदान स्थल पर अमिता मिश्रा, शौर्य त्रिवेदी और सुधीर कुमार मिश्र ने फार्म नंबर छह भरकर आवेदन किया। कमलापुर : पताराकला गांव में धर्मेंद्र कुमार और सुरेंद्र कुमार के नाम सूची से गायब मिले। दोनों ने फार्म छह भरे। यहां बीएलओ संध्या राठौर, महेंद्र प्रताप और किरन बाजपेई मौजूद रहीं। महोली के कृषक इंटर कालेज में आक्रोश गुप्ता, अंकुल मिश्रा, बिंदेश्वरी, सीताराम और माया देवी के नाम कटे मिलने पर उन्होंने भी नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया।
एसडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण
सिधौली में एसडीएम अवनीश कुमार सिंह को निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय कन्या इंटर कालेज में बीएलओ अर्चना द्विवेदी, साधना सिंह, अनुराधा और संगीता उपस्थित मिलीं, जबकि बीएलओ शालिनी अनुपस्थित थीं। एसडीएम ने अनुपस्थित बीएलओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।