विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतापुर की महमूदाबाद और कमलापुर चीनी मिल खुलने में देरी, 35 हजार किसान गन्ने को सस्ते में बेचने को मजबूर

Published: Mon, 16 Nov 2026 05:59 PM (IST)Updated: Mon, 16 Nov 2026 06:01 PM (IST)

सीतापुर में चार निजी चीनी मिलें शुरू हो चुकी हैं, लेकिन महमूदाबाद और कमलापुर सहकारी मिलों में पेराई सत्र शुरू ...और पढ़ें

किसान गन्ने को गुड़ बेलों पर सस्ते में बेचकर रबी फसलों की बुवाई कर रहे हैं।

किसान गन्ने को गुड़ बेलों पर सस्ते में बेचकर रबी फसलों की बुवाई कर रहे हैं।

HighLights

  1. महमूदाबाद और कमलापुर मिलें अभी तक नहीं चलीं।

  2. 35 हजार से अधिक किसान पेराई सत्र का इंतजार कर रहे।

  3. किसान सस्ते में गन्ना बेचकर रबी फसलें बोने को मजबूर।

संवाद सूत्र, सीतापुर। जिले में निजी क्षेत्र की चार चीनी मिलों में गन्ना पेराई सत्र शुरू हो चुका है। सहकारी चीनी मिल महमूदाबाद व कमलापुर चीनी मिल अब तक नहीं चली। इन मिलों से संबद्ध करीब 35 हजार से अधिक किसान मिल चलने का इंतजार कर रहे हैं। इससे किसान गन्ना व सरसों की बोआई नहीं कर पा रहे। कुछ किसान गुड़ बेलों पर सस्ती दर पर गन्ना बिक्री कर रबी फसलों की बोआई कर रहे हैं।

जिले में छह चीनी मिलें संचालित हैं। निजी क्षेत्र की हरगांव चीनी मिल दो नवंबर तो रामगढ़, जवाहरपुर व बिसवां चीनी मिल 12 नवंबर से चल रही हैं। सहकारी चीनी मिल महमूदाबाद व कमलापुर का पेराई सत्र अभी तक शुरू नहीं हो सका है। किसान दीपावली के बाद चलने के इंतजार में थे। एक सप्ताह बीत गया अभी मिलें चली नहीं हैं।

गेहूं, सरसों बोने को गुड़ बेल पर डाल रहे गन्ना

सरसों की बोआई का सही समय 15 अक्टूबर से 15 नवंबर के मध्य का है। गेहूं की बोआई का समय नवंबर माह है। किसानों को सरसों व गेहूं की बोआई के लिए खेतों काे समय से खाली करना होता है। सही समय पर बोआई न करने से फसल का उत्पादन कम हो जाता है।

कमलापुर के किसान रामखेलावन ने बताया कि गेहूं बोने के लिए गुड़ बेल पर 350 रुपये में गन्ना बेंचा है। शैलेंद्र कुमार ने बताया कि बेटी की शादी है, हमने भी बेल पर ही बेंच दिया, मिल पता नहीं कब चलेगी। पताराकला के मुकेश पांडेय ने बताया कि तीस बीघा पेड़ी है, गेहूं बोना है। बेल पर ले जाना मजबूरी है। महमूदाबाद के शंकरपुर के आलोक, चांदपुर के प्रदीप कुमार गन्ना बेल पर डालकर गेहूं बो चुके हैं। मिल दीपावली से पहली चलानी थी।

हजारों किसान प्रभावित

सहकारी मिल महमूदाबाद में 20 हजार गन्ना किसान पंजीकृत हैं, 11,400 गन्ने का रकबा आवंटित है। कमलापुर चीनी मिल को 15 हजार किसान व 6,504 हेक्टेयर गन्ना का रकबा आवंटित है। मिल को 53 लाख 14 हजार क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित है। जिला गन्ना अधिकारी रत्नेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि जिले की चार चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू हो चुका है। केवल सहकारी चीनी मिल महमूदाबाद व कमलापुर चलनी शेष हैं। महमूदाबाद 19 व कमलापुर 20 नवंबर को चलेगी।


 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।