विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'निलंबित करा दीजिए, इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकते', सीतापुर में भाजपा नेता और चौकी प्रभारी के बीच तीखी बहस

Published: Tue, 06 Oct 2026 01:18 PM (GMT+05:30)

सीतापुर में अस्पताल गेट पर जाम को लेकर चौकी इंचार्ज स्वाति चतुर्वेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल के बीच तीखी बहस हुई।

भाजपा नेता और चौकी प्रभारी के बीच तीखी बहस।

भाजपा नेता और चौकी प्रभारी के बीच तीखी बहस।

HighLights

  1. अस्पताल गेट पर जाम को लेकर पुलिस और भाजपा जिलाध्यक्ष में बहस।

  2. चौकी इंचार्ज स्वाति चतुर्वेदी ने जाम हटाने से किया इनकार।

  3. मरीजों को गोद में उठाकर अस्पताल ले जाना पड़ा।

जागरण संवाददाता, सीतापुर। 'स्वाति जी, अस्पताल गेट पर जाम लगा है, पैदल निकलना दूभर हो रहा है। कई एंबुलेंस भी फंसी हुई हैं।' यह सुनकर चौकी इंचार्ज सदर स्वाति चतुर्वेदी भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल पर भड़क गईं।

कहा कि आप मेरा वीडियो बना रहे हैं। आप जाइए मुझे निलंबित करा दीजिए, इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकते हैं।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि आप मेरी बात तो सुनिए, हम आपका वीडियो किसलिए बनाएंगे। समस्या तो बताई ही जाएगी। इसका निदान कराना तो आपका ही काम है।

इस पर वह और उग्र हो गईं कहा कि हमारी पोस्टमार्टम में ड्यूटी लगी है, चौकी इंचार्ज को जाकर बताएं। यह हमारा काम नहीं है। करीब तीस मिनट बातचीत के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष वहां से लौट गए। जिलाध्यक्ष ने एसपी अंकुर अग्रवाल को इसकी जानकारी दी।

गोद में ले जाते दिखे मरीज

अस्पताल गेट पर ई-रिक्शा के चलते जाम इस कदर लग गई कि एंबुलेंस तक अस्पताल में नहीं पहुंच पाई। तीमारदार मरीज को गोद में लेकर जाते दिखे। अस्पताल आने वाले मरीजों को समस्या हुई। जाम हटाने को भी पुलिस कर्मी नहीं दिखाई दिया।

कोतवाली जाकर करें शिकायत

जिला अस्पताल में बेटी के साथ दवा लेनी आईं शास्त्री नगर की अर्चना शुक्ला की किसी ने चेन छीन ली। बताया कि जब वह शिकायत करने अस्पताल चौकी में पहुंची तो वहां मौजूद दारोगा स्वाति चतुर्वेदी ने प्रार्थना पत्र लेने से इंकार कर दिया, कहा कोतवाली जाएं।

यह भी पढ़ें- कोरबा: मिठाई की दुकान में टॉयलेट के फर्श पर धुल रहे थे बर्तन, वीडियो वायरल होने के बाद फूड डिपार्टमेंट ने भेजा नोटिस