सीतापुर में शराब छुड़ाई तो बिगड़ा युवक का मानसिक संतुलन, कुल्हाड़ी से की ताई की हत्या
सीतापुर में शराब छुड़वाने से मानसिक संतुलन बिगड़ने पर एक युवक ने अपनी ताई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
युवक ने शराब छुड़वाने पर ताई की हत्या की।
मानसिक संतुलन बिगड़ने से कुल्हाड़ी से हमला किया।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
संवाद सूत्र, सीतापुर। स्वजन ने शराब छुड़वाई तो युवक का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। शुक्रवार सुबह उसने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर ताई की हत्या कर दी। इसके पहले ताई की बहू पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने भागकर जान बचा ली। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपित को कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
सुजौलिया गांव निवासी प्रदीप उर्फ समदू शराब का आदी था। करीब दो वर्ष पहले स्वजन ने उसकी शराब छुड़वा दी थी। इसके बाद वह परेशान रहने लगा था। इसको लेकर स्वजन उसे घर से बाहर नहीं निकलने देते थे। शुक्रवार को स्वजन बाहर से कुंडी लगाकर खेत गए थे। सुबह करीब 10 बजे वह हाथ में कुल्हाड़ी लेकर दीवार फांदकर ताई के घर पहुंचा। उसने ताई रामदेवी की बहू सरोजनी पर हमला करने की कुचेष्टा की।
खतरा भांपकर सरोजनी वहां से भाग गईं। इसके बाद प्रदीप ने रामदेवी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। रामदेवी की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कुल्हाड़ी के साथ आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
शराब छूटने पर मनोविकृति का शिकार हो जाते मरीज
अमन नशा मुक्ति केंद्र के संचालन अवनेन्द्र विक्रम ने बताया कि शराब छूटने के बाद मरीज अल्कोहल विदड्राल सिंड्रोम(मानसिक बीमारी) का शिकार हो जाता है। शक होना, आवाजें सुनाई देना और ऐसी चीजें दिखाई देना जो वास्तविक नहीं हैं। इसके प्रमुख लक्षण। इस तरह के मरीजों को लंबी मनोचिकित्सा की जरूरत होती है।
रामदेवी के बेटे दीपू की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा लिखा है। आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
इतुल चौधरी, थानाध्यक्ष कमलापुर।
