जलस्तर स्थिर लेकिन, कटान तेज होने से धड़कनें तेज
दुर्गापुरवा व मेउड़ी छोलहा में नदियों के कटान से भयभीत ग्रामीण घर से समेट रहे गृहस्थी
सीतापुर: पूरे वर्षाकाल में 40 प्रतिशत बारिश सिर्फ एक ही दिन शुक्रवार को हो गई। सिचाई विभाग ने गुरुवार सुबह आठ से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक जिले में 126 एमएम बारिश होना रिकार्ड किया है। अधिशासी अभियंता शारदा कैनाल विशाल पोरवाल ने बताया, इस तरह पूरे वर्षाकाल में जिले में 650 एमएम बारिश रिकार्ड हुई है। उन्होंने कहा, देखने में आ रहा है कि पूरे वर्षाकाल में सर्वाधिक बारिश 21 जुलाई और फिर 16 सितंबर को हुई है। अभियंता ने बताया, घाघरा व शारदा नदियों में जल स्तर सामान्य स्थिति में है। कोई वृद्धि नहीं है। उन्होंने बताया, इस दौरान शारदा नदी मेउड़ी छोलहा में कटान कर रही है। इस कटान को रोकने के लिए परक्यू पाइन, बंबू कटर डाले जा रहे हैं।
12 बीघे खेत के साथ पांच घर नदी में तबाह, कटान तेज:
रेउसा: गोलोक कोड़र ग्राम पंचायत के दुर्गापुरवा में घाघरा नदी का कहर टूट रहा है। कटान तेज है। पीड़ित परिवार अपने मूल घरों को उजाड़कर ऊंचे स्थानों के संपर्क मार्गो पर तिरपाल व झुग्गी-झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं। पीड़ितों ने बताया वह लोग खानाबदोशी की जिदगी जी रहे हैं। झोपड़ी में भी उनका परिवार सुरक्षित नहीं है। जहरीले जीव-जंतुओं से बचना चुनौती है। शुक्रवार को घाघरा-शारदा की कटान में पांच किसानों की 12 बीघे कृषि भूमि कटकर नदी में शामिल हो गई है। इन किसानों में संदीप कुमार, छेदू लाल, झब्बू, रामप्रकाश, संतराम आदि शामिल हैं।
राजेंद्र, गिरधारी, सदानंद, श्रीकेशन, शत्रोहन के घर के पास नदी पहुंच आई है। इनके घर कटान की मुहाने पर आ गए हैं। कटान से भयभीत परिवारों ने अपने घर की गृहस्थी समेट कर पलायन करने की तैयारी में थे। मेउड़ी छोलहा गांव में आरसीसी रोड का कटान हो रहा है। श्रीराम पुरवा में बाढ़-कटान रोधी कार्यों का कटान हो रहा है।