सीतापुर में लकड़ी ढोने से मना करने पर मजदूर की हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए जमीन में दफनाया शव
सीतापुर में मजदूरी करने गए हीरालाल की लकड़ी ढोने से इनकार करने पर हत्या कर दी गई। आरोपी लवलेश ने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
मजदूर हीरालाल की लकड़ी ढोने से इनकार पर हत्या।
आरोपी लवलेश ने शव जमीन में दफनाया, साक्ष्य मिटाए।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना का खुलासा किया।
संवाद सूत्र, सीतापुर। मजदूरी करने गए हीरालाल को क्या पता था कि लकड़ी ढोने से इन्कार करना उसकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएगा। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर एक व्यक्ति ने बांके से वार कर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जमीन में दफना दिया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो इसका अनावरण से सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस ने आरोपित को जेल भेजने की कार्रवाई कर दी है।
तालगांव के भुलभुलिया निवासी हीरालाल सात अक्टूबर को मजदूरी करने के लिए लहरपुर के अकैचनपुर गांव निवासी लवलेश के यहां गया था। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवारजनों ने जानकारी ली। संतोष जनक जवाब न मिलने पर काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवारजन ने नौ अक्टूबर को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
परिवारजनों के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने लवलेश से पूछताछ की। कोतवाल विश्वजीत सिंह ने बताया कि पहले तो उसने घटना के बारे में कोई सही जानकारी नहीं दी, कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने हीरालाल की हत्या करने की बात स्वीकार की। बताया कि उसने हीरालाल से लकड़ी कटवाई थी।
इसके बाद लकड़ी घर तक पहुंचाने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर वह नाराज हो गया और बांके से हीरालाल की गर्दन पर वार कर दिया। वार लगने से हीरालाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसको लेकर वह घबरा गया और शव को जमीन में दफना दिया, ताकि घटना का पता न चल सके।
फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गईं हड्डी: पुलिस ने मृतक आरोपित की निशानदेही पर जमीन से शव खोदवाया। इसमें सिर्फ हड्डी ही मिली हैं। यह हड्डी किसकी है, फोरेसिंक जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर यह पता चल सकेगी कि यह हड्डियां किसकी हैं।
आरोपित की निशानदेही पर जमीन से हड्डी मिलीं है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।- अभिषेक, क्षेत्राधिकारी-लहरपुर
