सीतापुर में शादी का झांसा देकर युवती से ढाई साल तक दुष्कर्म, इराक में पढ़ रहे युवक समेत 4 पर मुकदमा
सीतापुर में शादी का झांसा देकर एक युवती से ढाई साल तक शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में इराक में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
संवाद सूत्र, जागरण महमूदाबाद (सीतापुर)। शादी तय होने के बाद युवती को विश्वास में लेकर ढाई वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाने और अब शादी से मुकरने के मामले में मुकदमा लिखा गया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपित युवक, उसकी मां, बहन और भाई के खिलाफ मुकदमा लिखा है। मुख्य आरोपित वर्तमान में इराक में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटा रही है।
महमूदाबाद के एक मुहल्ले की युवती ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि करीब चार वर्ष पहले उसकी शादी बाराबंकी के कोठी क्षेत्र के सराय हिजरा निवासी अकमल हुसैन उर्फ सनी के साथ तय हुई थी। युवती के मुताबिक, करीब ढाई वर्ष पहले उनके दादा की मृत्यु के बाद अकमल उसके घर आया और कई दिनों तक रुका।
आरोप है कि शादी तय होने की बात कहकर उसने युवती को विश्वास में लिया और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद अकमल इराक चला गया। वहां से भी वह मोबाइल पर युवती से बातचीत करता रहा। आरोप है कि नवंबर 2025 में अपने भाई की शादी में भारत आने पर भी उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह दोबारा इराक के हौजाए नजब में शिक्षा ग्रहण करने चला गया।
अब अकमल और उसका परिवार शादी से इनकार कर रहा है और उसकी शादी कहीं दूसरी जगह करने की तैयारी की जा रही है। इसकी जानकारी अकमल की मां रहमतुलनिशा उर्फ राना, बहन असफा रिजवी और भाई जुल्फिकार हुसैन को भी थी। कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा लिखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
