5 राज्यों में फैला फर्जीवाड़े का जाल, सीतापुर में नकली IT अधिकारी और बैंक मैनेजर बन 27 लाख ठगने वाला दंपती गिरफ्तार
सीतापुर में फर्जी बैंक मैनेजर और आयकर निरीक्षक बनकर 27 लाख की ठगी करने वाले दंपती को गिरफ्तार किया गया ...और पढ़ें

HighLights
सीतापुर में फर्जी बैंक मैनेजर-IT अधिकारी दंपती गिरफ्तार।
27 लाख की ठगी, 14 लाख नकद व आभूषण बरामद।
दंपती 2005 से विभिन्न राज्यों में कर रहा था ठगी।
संवाद सूत्र, सीतापुर। फर्जी बैंक मैनेजर और आयकर निरीक्षक बनकर लोगों को नीलामी का सोना सस्ते में दिलाने व कटे-फटे नोट बदलवाने का झांसा देकर 27 लाख की ठगी करने वाले दंपती को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों से 14 लाख नकद, करीब छह लाख के आभूषण, फर्जी पहचान पत्र और चार मोबाइल बरामद हुए हैं।
कन्नौज निवासी रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चंद्रा ने मई में नगर की रेकी की थी। 31 अगस्त को दोनों प्रेमनगर में रामनरेश जायसवाल के मकान में किराये पर रहने लगे। रोहित ने खुद को पीएनबी मिश्रिख का शाखा प्रबंधक और अन्नू ने आयकर निरीक्षक बताया। दोनों ने फर्जी पहचान पत्र भी दिखाए।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद रेल मंडल में ट्रेनों को मिलेगी रफ्तार, हरदोई में 32 करोड़ से होगा लूप लाइन का विस्तार
विश्वास में लेकर आरोपितों ने रामनरेश से नीलामी के सोने के लिए 20 लाख और नोट बदलने के नाम पर दो लाख लिए। इसके अलावा प्रेमलता बाजपेयी से एक लाख और लांड्री संचालक अतुल से चार लाख ठगे। 14 सितंबर को दोनों कार लेकर भाग गए। आगरा, कोटा, बैतूल और चेन्नई में वाहन बदलकर छिपते रहे। ठगी की रकम से करीब छह लाख रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये के दो मोबाइल खरीदे।
21 वर्ष से कर रहे ठगी
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि आरोपितों ने वर्ष 2005 से ठगी करने की बात स्वीकार की है। आरोपित अलग-अलग राज्यों में घूमकर घटनाएं कारित करते थे। पुलिस टीम को 25 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा।
