मुरादाबाद रेल मंडल में ट्रेनों को मिलेगी रफ्तार, हरदोई में 32 करोड़ से होगा लूप लाइन का विस्तार
दलेलनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के सुचारु संचालन हेतु 32.01 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। यह परियोजना ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
दलेलनगर रेलवे स्टेशन पर 32.01 करोड़ रुपये का टेंडर जारी।
लूप लाइनों के विस्तार से मालगाड़ियों का मुख्य ट्रैक पर जाम हटेगा।
नए प्लेटफॉर्म, उन्नत सिग्नलिंग से यात्री ट्रेनों की गति में सुधार होगा।
जागरण संवाददाता, हरदोई। दलेलनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के निर्बाध और समयबद्ध संचालन के लिए रेलवे प्रशासन ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुरादाबाद रेल मंडल के अंतर्गत दलेलनगर, चोडियाला और अगवानपुर स्टेशनों पर परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए 32.01 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है।
इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आठ अक्टूबर तक की समय सीमा तय की गई है। परियोजना पूरी होने के बाद मुख्य ट्रैक पर मालगाड़ियों के कारण लगने वाला जाम खत्म होगा, जिससे यात्री ट्रेनों की गति और समयबद्धता में सीधा सुधार दिखेगा।
दलेलनगर स्टेशन पर वर्तमान में अप और डाउन दिशा में दो लूप लाइनें मौजूद हैं, लेकिन उनकी लंबाई कम होने से लंबी माल गाड़ियों को पूरी तरह लूप में खड़ा करना संभव नहीं हो पाता था। इसके चलते अक्सर मुख्य लाइन बाधित होती थी और परिचालन में अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ती थी। योजना के तहत अब इन दोनों लूप लाइनों की लंबाई हरदोई की दिशा में बढ़ाई जाएगी।
तैयार किए जाएंगे प्लेटफॉर्म
साल 2025 में भेजे गए इस कार्ययोजना प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस परियोजना में केवल ट्रैक का विस्तार ही शामिल नहीं है, बल्कि स्टेशन के समग्र ढांचे को भी अपग्रेड किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में परेशानी न हो, इसके लिए स्टेशन पर नए और मानक ऊंचाई वाले प्लेटफार्म तैयार किए जाएंगे।
ट्रेनों की संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्नत सिग्नल प्रणाली लगाई जाएगी तथा रेलवे के संचार तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक भवनों और तकनीकी सुविधाओं का निर्माण होगा।
यह भी पढ़ें- रायबरेली के 35 हजार दिव्यांगजनों की बल्ले-बल्ले, परिवहन निगम का बड़ा एलान; अब सफर में नहीं लगेगा एक भी रुपया
लूप लाइन के विस्तार से माल गाड़ियों को आसानी से साइड ट्रैक पर रोककर मुख्य लाइन को एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के लिए तुरंत क्लीयर किया जा सकेगा। इससे मुरादाबाद मंडल के इस रेलखंड पर माल ढुलाई की गति बढ़ने के साथ-साथ यात्री ट्रेनों के संचालन में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
