सीतापुर में युवक ने चचेरे भाई को लोहे के पाइप से वारकर मार डाला, तालाब के किनारे फेंका शव
सीतापुर के मनिकापुर गांव में एक युवक का शव तालाब किनारे मिला, जिसके सिर और शरीर पर चोट के निशान थे।
-1790765744962_m.webp)
सिधौली के मनिकापुर में मौके पर जांच करते पुलिस कर्मी
HighLights
युवक का शव सीतापुर के मनिकापुर गांव में मिला।
चचेरे भाई गुड्डू ने हत्या की बात स्वीकार की।
शराब पीने के बाद विवाद में लोहे की पाइप से हमला।
संवाद सूत्र, सीतापुर। मनिकापुर गांव में बुधवार को तालाब किनारे कुंभी में एक युवक का शव मिला। युवक के सिर समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने युवक के चचेरे भाई को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। साक्ष्य संकलन किए जा रहे हैं।
गांव के संदीप अपनी मां रामदेवी और भाई विवेक के साथ रहते थे। घटना के समय मां अपने मायके हरदोई के मझिगवां गांव गई थीं, जबकि भाई विवेक गुजरात में मजदूरी करता है। संदीप बुधवार रात घर के बाहर चारपाई पर लेटा था। रात में संदीप का चचेरा भाई गुड्डू उसके पास पहुंचा।
पता चला है कि दोनों ने साथ में शराब पी। इस दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। हालांकि, उस समय मामला कहासुनी तक ही सीमित रहा और गुड्डू अपने घर चला गया। इसके बाद संदीप भी चारपाई पर सो गए।
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद गुड्डू अपने घर से लोहे की पाइप लेकर दोबारा संदीप के पास पहुंचा। उसने सो रहे संदीप पर पाइप से ताबड़तोड़ कई वार किए। संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपित ने शव को घसीटकर घर से कुछ दूरी पर तालाब के किनारे ले जाकर कुंभी में फेंक दिया।
यह भी पढ़ें- सीतापुर में भारी बारिश से विद्युत व्यवस्था चरमराई, लगातार 5वें दिन गुल रही 1845 गांवों की बिजली
ग्रामीणों ने दी पुलिस को जानकारी
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब के किनारे कुंभी में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पहचान कराई और स्वजन को सूचना दी।
युवक की हत्या का मामला है। चचेरे भाई ने हत्या की बात स्वीकार की है। घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हत्या के पहले हुए विवाद के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
विजयेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी सिधौली
