विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतापुर में सदियों बाद छटा अंधेरा, साढ़े आठ करोड़ की लागत से 36 गांवों में रोशनी से जगमगाएगी दिवाली

Published: Sat, 17 Oct 2026 05:27 PM (IST)

सीतापुर के 36 गांवों में आजादी के बाद पहली बार बिजली पहुंची है, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. सीतापुर के 36 गांवों में पहली बार बिजली पहुंची।

  2. साढ़े आठ करोड़ से विद्युतीकरण, दिवाली पर रोशन होंगे घर।

  3. बच्चों की पढ़ाई और घरेलू काम में मिलेगी सहूलियत।

दुर्गेश शुक्ल, सीतापुर। अंधेरे में गुजरती रातें, रोशनी के लिए दूसरे गांवों पर निर्भरता और घरों को झालरों से सजाने का सपना। अब जिले के 36 मजरों के ग्रामीणों के लिए ये बातें बीते दिनों की याद बन गईं हैं। विभाग की ओर से चलाए जा रहे हर घर रोशन की मुहिम सार्थक दिखने लगी है।

विभाग की ओर से 163 मजरों में साढ़े आठ करोड़ की लागत से बिजली का कार्य कराया जा रहा है। जिले के 36 गांवों में आजादी के बाद पहली बार बिजली पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह है। इस बार दिवाली पर उनके घर भी रंग-बिरंगी झालरों से जगमगाएंगे। विभाग की इस पहल से वर्षों से बिजली की सुविधा से वंचित ग्रामीण परिवार खुश हैं।

बोले ग्रामीण : कमलापुर के बसंतपुर निवासी प्रिंस कुमार ने बताया कि पहले जब आसपास के गांवों में दिवाली पर घर रंग-बिरंगी झालरों से सजते थे तो घर के बच्चे भी रोशनी देखने पहुंच जाते थे। अपने घर में बिजली न होने के कारण वे भी ऐसी सजावट का सपना देखते थे। अब बिजली पहुंचने से उनका यह सपना पूरा होगा। कमुलिया गांव के पुष्पेंद्र सिंह ने बताया दैनिक जागरण के प्रयास से गांव में बिजली पहुंची है।

बल्ब की रोशनी में पढ़ाई: बिजली आपूर्ति शुरू होने से बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्ज करने और घरेलू कामकाज में भी सहूलियत मिलेगी। गांव के मनोहर ने बताया कि बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में विभाग का यह प्रयास महत्वपूर्ण है। गांव के सूरज ने बताया कि बच्चे रोशनी में पढ़ाई कर रहे हैं।

इन गांवों को मिली बिजली : मानपुर, देबीपुर, भदेसिया, मानपारा, बसंतपुर, भगवंतापुर, शेखनपुरवा, रक्सा, बक्सोहिया सहित करीब 36 मजरों को बिजली मिलने लगी है।

फैक्ट फाइल
36 मजरों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण
703 घरों में लगाए गए मीटर
2265 घरों में किया जाना है विद्युतीकरण
127 मजरे रह गए हैं शेष

हर घर बिजली के तहत 35 गांवों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण हो गया है। इन गांवों में 703 उपभोक्ताओं के घर मीटर लगाने के साथ बिल भी दिया जाने लगा है। -ललित कृष्ण, अधीक्षण अभियंता-बिजली।

यह भी पढ़ें- सीतापुर में नदी की जमीन पर केशव ग्रीन सिटी बसाने वालों के खिलाफ FIR, रडार पर मददगार अधिकारी