विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतापुर में पौने नौ करोड़ से बना नैमिषारण्य-गयावर मार्ग, एक साल में ही हो गया क्षतिग्रस्त

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:48 PM (IST)

सीतापुर में नैमिषारण्य-गयावर मार्ग पर पौने नौ करोड़ की लागत से बनी सड़क एक साल में ही टूट गई है।

नैमिषारण्य-गयावर मार्ग पर एक साल पहले बनी सड़क हुई क्षतिग्रस्त। (तस्वीर- जागरण)

नैमिषारण्य-गयावर मार्ग पर एक साल पहले बनी सड़क हुई क्षतिग्रस्त। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. नैमिषारण्य-गयावर मार्ग पौने नौ करोड़ रुपये में बना था।

  2. एक वर्ष में ही सड़क पर गड्ढे व रेनकट हो गए।

  3. कार्यदाई संस्था को 15 दिन में मरम्मत का निर्देश।

जागरण संवाददाता, सीतापुर। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से नैमिषारण्य-गयावर मार्ग पिछले वर्ष बना था। करीब दस किलोमीटर मार्ग पर पौने नौ करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। एक वर्ष में ही मार्ग पर गड्ढे व रेनकट हो गए हैं। मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है।

पांच वर्ष तक मार्ग की देखरेख की जिम्मेदारी कार्यदाई संस्था की होती है। संस्था कार्य न कराए तो प्रतिभूति राशि जब्त करने का प्रविधान है। तब भी मार्ग की मरम्मत को लेकर अनदेखी की जा रही है।

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से बनने वाली सड़क की लागत 87 लाख रुपये प्रति किलोमीटर है। नैमिषारण्य के व्यास गद्दी से गयावर तक 10 किलोमीटर सड़क बनाई गई थी। एक वर्ष में ही सड़क की हालत बिगड़ गई है। सितंबर माह में हुई बारिश के बाद से कई जगह रेनकट हो गए हैं।

कटान इतना अधिक हो गया है कि सड़क का डामर भी कट गया है। सड़क की पटरी कटने से कई स्थानों पर गहरे गड्ढे और किनारों पर खतरनाक कटाव बन गए हैं।

ऐसे में राहगीरों के लिए निकलना खतरे से खाली नहीं है। रात के समय वाहन किनारे करने पर पलटने का खतरा है। दिन में वाहन चालक किसी तरह बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय खतरा रहता है। कई बार वाहन पलट भी चुके हैं।

मरम्मत में बरती जा रही लापरवाही

राहगीर रामनरेश वर्मा ने बताया कि सड़क को बने अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ और कई स्थानों पर पटरी पूरी तरह कट चुकी है। इसकी तत्काल मरम्मत कराने की जरूरत है। फिर भी लापरवाही बरती जा रही है। सुरेश कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं फिर भी खतरा बरकरार है।

कार्यदाई संस्था आखिर मरम्मत क्यों नहीं करा रही है। पिछले माह एक पिकअप व एक ट्राली पलट चुकी है। राकेश सिंह ने बताया कि हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन नैमिषारण्य आते हैं। ऐसे में वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना है। समस्या को तत्काल दूर किया जाए।

गयावर मार्ग पर सड़क का किनारा कटा होने की जानकारी मिली है। किनारों पर मिट्टी डालकर मरम्मत की जाएगी। संबंधित कार्यदाई संस्था को अवगत कराया है। 15 दिन में मार्ग दुरुस्त करा दिया जाएगा।
सुमित शुक्ल, अवर अभियंता, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।