विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुज्तर खैराबादी के कालजयी गीत ने इतिहास में बनाई जगह, मोहम्मद रफी की आवाज में अमर है दशकों पुराना ये गाना

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:10 PM (IST)

मुज्तर खैराबादी द्वारा रचित और मोहम्मद रफी द्वारा गाया गया गीत "न किसी की आंख का नूर हूं" फिल्म 'लाल किला' में इतिहास बन गया।

मोहम्मद रफी और मुज्तर खैराबादी की फाइल फोटो।

मोहम्मद रफी और मुज्तर खैराबादी की फाइल फोटो।

HighLights

  1. मुज्तर खैराबादी का गीत रफी की आवाज में अमर हुआ।

  2. 'लाल किला' फिल्म में बहादुर शाह जफर की पीड़ा दर्शाई।

  3. खैराबाद की साहित्यिक विरासत नई पीढ़ी को जोड़ती है।

दुर्गेश द्विवेदी, सीतापुर। 'न किसी की आंख का नूर हूं, न किसी के दिल का करार हूं।' यह पंक्तियां सुनते ही देश के करोड़ों लोगों के जेहन में एक दर्दभरी दास्तां उभर आती है। यह कालजयी गीत खैराबाद की धरती पर जन्मे शायर मुज्तर खैराबादी की कलम से निकला था।

वर्ष 1960 में रिलीज हुई फिल्म 'लाल किला' में मोहम्मद रफी ने अपनी आवाज देकर इसे अमर कर दिया। मुगल सल्तनत के आखिरी बादशाह बहादुर शाह जफर के जीवन पर आधारित इस फिल्म में गीत ने ऐसी छाप छोड़ी कि कई पीढ़ियों तक यह लोगों की जुबान पर रहा।

देश की परिस्थितियों की गहरी समझ

24 नवंबर 1865 को सीतापुर के खैराबाद में जन्मे मुज्तर खैराबादी का साहित्यिक योगदान केवल शायरी तक सीमित नहीं था। उनके शब्दों में अपने दौर का दर्द, सामाजिक चेतना और देश की परिस्थितियों की गहरी समझ दिखाई देती है। उनका परिवार भी अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष और वैचारिक प्रतिरोध की विरासत से जुड़ा था। उनके दादा अल्लामा फजल-ए-हक खैराबादी 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख विचारकों में शामिल थे।

उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध आवाज बुलंद की और इसकी कीमत भी चुकाई। तारीख-ए-सीतापुर के लेखक हैदर अली जाफरी बताते हैं कि मुज्तर ने अपने पुरखों से मिली इसी वैचारिक विरासत को साहित्य के माध्यम से आगे बढ़ाया। उनकी रचनाओं में तत्कालीन समाज की संवेदनाएं और संघर्ष की छाप दिखाई देती है।

उन्होंने ग्वालियर स्टेट के शिक्षा विभाग में भी काम किया। साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान विशिष्ट रचनाकारों में स्थान दिलाता है। उनकी साहित्यिक विरासत आगे चलकर हिंदी सिनेमा के चर्चित गीतकार जावेद अख्तर तक पहुंची। जावेद अख्तर मुज्तर खैराबादी के पौत्र हैं।

गौरवशाली इतिहास से जुड़ती नई पीढ़ी

मुज्तर खैराबादी का 'लाल किला' फिल्म का गीत महज एक फिल्मी रचना नहीं, बल्कि एक पराजित बादशाह की पीड़ा और उजड़ते दौर की बेबसी का प्रतीक बन गया। दशकों बाद भी यह गीत साहित्य, संगीत और इतिहास के प्रेमियों के बीच अपनी जगह बनाए हुए है। खैराबाद की यह साहित्यिक विरासत आज भी नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।