महिलाएं अपराध को छिपाएं नहीं, नारी ही शक्ति है, इसे जाने-पहचाने
सीतापुर मिशन शक्ति अभियान के तीसरे दिन सोमवार को शहर कोतवाली में महिला शक्ति को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में आई महिलाओं को वूमेन पॉवर लाइन महिला हेल्प लाइन मुख्यमंत्री हेल्प लाइन पुलिस आपात कालीन सेवा चाइल्ड लाइन स्वास्थ्य सेवा एंबुलेंस सेवा के बारे में भी बताया गया।
सीतापुर : मिशन शक्ति अभियान के तीसरे दिन सोमवार को शहर कोतवाली में महिला शक्ति को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में आई महिलाओं को वूमेन पॉवर लाइन, महिला हेल्प लाइन, मुख्यमंत्री हेल्प लाइन, पुलिस आपात कालीन सेवा, चाइल्ड लाइन, स्वास्थ्य सेवा, एंबुलेंस सेवा के बारे में भी बताया गया। उन्हें आपातकालीन सेवाओं के नंबर भी नोट कराए गए। कोतवाली परिसर के टिन शेड में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक तेज प्रकाश सिंह, दारोगा अर्चना पांडेय, कांस्टेबल शिवानी आदि लोग महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे थे।
कोतवाली प्रभारी ने महिलाओं से कहा, नवरात्र में शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की पूजा हो रही है। महिलाओं से कहा, आप ही शक्ति हैं उसे पहचानो। प्रभारी ने महिलाओं को बताया, एक समय जब देवता राक्षसों से परेशान थे तो वे लोग भी नारी स्वरूपा शक्ति के पास ही मदद लेने गए थे। उन्होंने महिलाओं को समझाया कि, अपराध को छिपाएं नहीं। जब बेटा या बेटी गलती करे तो उसे छिपाए नहीं और क्षमा भी न करें। बच्चे को प्यार से गलत-सही के बारे में बताएं। बच्चे चाहे छोटे हों या फिर बड़े, जिस घर में अनुशासन नहीं है वहां घर बर्बाद हो जाता है और बच्चे अपराध की दुनिया में चले जाते हैं। कोतवाली प्रभारी ने कहा, परिवार में महिलाओं का अहम भूमिका है।
स्काउट-गाइड ने पंडाल में लगाए जागरूकता स्टाल
भारत स्काउट एवं गाइड के दल ने महिलाओं को जागरूक करने को अभियान चलाया। जिला स्काउट के सचिव ऋषि कुमार ने बताया कि स्काउट एवं गाइड दल ने शहर में स्थित पंडालों व मंदिरों के पास स्टाल लगाकर महिलाओं-किशोरियों को आत्मरक्षा, सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक किया है।