भाजपा शासन में देश के हर वर्ग ने की उन्नति : डा. महेंद्र सिंह
भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन में सिचाई मंत्री ने बताईं भाजपा की नीतियां।
सीतापुर : भारत हमेशा से विश्वगुरु रहा है। एक समय था जब शिकागो में भारत के एक नागरिक स्वामी विवेकानंद ने भाषण दिया और पूरा विश्व उनके पीछे चल पड़ा था। भारत सोने की चिड़िया तब-तब रहा, जब-जब उस पर भारतीयों ने राज किया। मुगलों और अंग्रेजों ने भारत की एकता और अखंडता को कुचलना चाहा, मगर वे नाकाम रहे। आजादी के लिए हमारे पुरखों ने अपने खून से देश को सींचा है। ये बातें रविवार को एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में जलशक्ति मंत्री डाक्टर महेंद्र सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा से जनता के लिए समर्पित रही है, एक समय था जब भारत की सरकारें अंतरराष्ट्रीय कर्ज का ब्याज चुकाने में भी असमर्थ थी और आज का समय है कि भारत सरकार कई देशों को ऋण देने में सक्षम है। हर गरीब का खाता बैंक में खोला गया ताकि हर योजना का सीधा लाभ प्रत्येक नागरिक को मिल सके। सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही 50 लाख गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराए गए।
जलशक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सौभाग्य योजना के तहत घर-घर बिजली पहुंचाने का काम निश्शुल्क किया है। सिर्फ उत्तर प्रदेश में लगभग डेढ़ करोड़ लोगों को बिजली मिली। गरीब का इलाज हो सके, इसके लिए पांच लाख का निश्शुल्क बीमा दिलाने का काम किया है। पार्टी में भाजपा का जो भी मूल कार्यकर्ता है वह सदैव पार्टी से जुड़ा रहेगा। पार्टी ने सदैव कार्यकर्ताओं का और अपने प्रबुद्ध जनों का सम्मान किया है, जो कि हमेशा रहेगा।
कार्यक्रम को सांसद राजेश वर्मा व भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने भी संबोधित किया। संचालन जया सिंह ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री नीरज वर्मा, जिला महामंत्री विश्राम सागर राठौर, पूनम मिश्रा, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी विनय प्रताप सिंह, नैमिष रतन तिवारी, राजेश शुक्ला, ललित श्रीवास्तव चंचल, रामेश्वर प्रसाद व संजय मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।