Move to Jagran APP

भाजपा का 'ओल्ड ही गोल्ड' वाला पंच

सेवता मिश्रिख लहरपुर हरगांव और महमूदाबाद की सूची जारी। पुरानों पर ही भरोसा कई दावेदारों की उम्मीदों पर गिरी बिजली।

By JagranEdited By: Published: Sat, 22 Jan 2022 12:14 AM (IST)Updated: Sat, 22 Jan 2022 12:14 AM (IST)
भाजपा का 'ओल्ड ही गोल्ड' वाला पंच

गोविन्द मिश्र, सीतापुर

loksabha election banner

आखिरकार भाजपा ने 'ओल्ड ही गोल्ड' वाला पंच जड़ ही दिया। दूसरी सूची में आए पांच नाम कई मायनों में अहम हैं। इन नामों के तय होने से टिकट कटने की अटकलों पर भी विराम लग गया। यही नहीं, मैदान में उतरने के लिए लाइन में लगे दावेदारों की उम्मीदों पर भी बिजली गिर गई है।

अब जरा सूची पर नजर डाल लीजिए। चार विधायक अपने ही क्षेत्र से दोबारा मैदान में उतरेंगे। सेवता से ज्ञान तिवारी, मिश्रिख से रामकृष्ण भार्गव, लहरपुर से सुनील वर्मा व हरगांव से सुरेश राही के नाम शामिल हैं। इन विस क्षेत्रों में भी करीब 35 से 40 के बीच दावेदार थे, जिनकी हसरत चुनाव लड़ने की थी। वे उलटफेर की दशा में टिकट लपकने की आस में थे। अब बात महमूदाबाद की करते हैं। यह विस क्षेत्र ऐसा था, जिस पर कई नामी शख्सियतें नजरें गड़ाए थीं। यहां पर उन्हें प्रत्याशी बनने की आस इसलिए अधिक थी, क्योंकि यह वह विस क्षेत्र है, जहां पर पिछले कई चुनावों के दौरान कमल नहीं खिला है। पिछले चुनाव में इस सीट से आशा मौर्या भाजपा की प्रत्याशी थीं, उन्होंने सपा को कड़ी टक्कर दी। लेकिन, जीत हासिल नहीं कर सकी थीं। ऐसे में यहां पर बदलाव की संभावना भी सबसे ज्यादा थी। खैर, सूची आई तो यह दिख गया कि भाजपा का भरोसा अपनी पुरानी कार्यकर्ता पर ही है।

दलबदलुओं की उम्मीदों पर फिरा पानी :

महमूदाबाद में आशा मौर्या के प्रत्याशी बनने से दलबदलुओं की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। इस सीट से कई ऐसे दावेदार थे, जिन्हें सत्ताधारी दल में रहने की आदत है। सत्ता देखकर पाला बदलने के आदी ऐसे दावेदारों पर तो 'बिजली' ही गिर गई है। कुछ तो महत्वपूर्ण पदों पर कब्जा भी जमाए थे। ऐसे में भाजपा का यह दांव भी सुर्खियों में है।

चार विस क्षेत्र के दावेदारों की धड़कनें बढ़ीं :

पांच विस क्षेत्रों में प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अब नजरें सदर, महोली, बिसवां और सिधौली पर हैं। ये विस क्षेत्र भी काफी अहम हैं। इन पर दावा ठोंकने वाले टिकट के लिए पूरा जोर लगाए हैं। कुछ तो दिल्ली में ही डेरा डाले हैं। वहीं, सिधौली और सदर सीट से नए चेहरों को भी लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ये चेहरे कौन होंगे, इनका भी एलान जल्द हो जाएगा।

बोले जिलाध्यक्ष ..

भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने बताया कि पांच विस क्षेत्रों में प्रत्याशी घोषित हो गए हैं। शेष नाम भी जल्द सामने आ जाएंगे। वैसे, इस बार हम पिछले चुनाव से भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे और सभी नौ सीटों पर विजय पताका फहराएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.