गंगापुरवा उपकेंद्र बदहाल, ध्यान नहीं दे रहे जिम्मेदार
लोगों को जरूरत के समय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य उप केंद्र स्थापित किए गए थे। देखरेख के अभाव में जर्जर हो गए हैं।
सीतापुर : लोगों को जरूरत के समय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य उप केंद्र स्थापित किए गए थे। अब ये केंद्र अनदेखी के शिकार हैं। ऐसे में लोगों को इलाज के लिए रेउसा जाना पड़ता है।
गंगापुरवा में स्वास्थ्य उप केंद्र स्थापित है। उपकेंद्र का हालत यह है कि पूरा परिसर जंगल, झाड़ियां से घिरा है। इसे देखकर अंदाजा लग जाता है कि यहां वर्षों से किसी ने कदम नहीं रखा है। कमरों में गंदगी है। दरवाजे क्षतिग्रस्त हैं। हैंडपंप झाड़ियों के बीच छिप गया है। इमरजेंसी में मरीजों को सीएचसी रेउसा लेकर जाना पड़ता है। शरद सिंह व कुलदीप ने बताया कि एएनएम की तैनाती है लेकिन, कभी कभार आती हैं। उपकेंद्र कभी नहीं खुला। यही बदहाली की वजह है। गंगा प्रसाद ने कहा कि केंद्र पर कर्मचारी के निवास की व्यवस्था हो। विमल मिश्र ने कहा केंद्र पर कर्मचारी रुकने लगें तो लोगों को सुविधाएं भी मिलें। रेउसा सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनंत मिश्र ने कहा कि एएनएम लक्ष्मी देवी की तैनाती है। उप केंद्र की सफाई कराकर वहां लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।