घर में घुसे लुटेरे, भिड़ी महिला तो मारा चाकू
घायल महिला जिला अस्पताल में भर्ती। पुलिस ने चोरी में दर्ज किया केस
रेउसा (सीतापुर): क्षेत्र के गांव पुरैनी बोहरा गांव जय नारायन सिंह व उनके परिवारजन बुधवार रात घर में सो रहे थे। आधी रात के वक्त सशस्त्र बदमाश घर में घुस गए। बदमाशों ने घर में रखे बक्सों के ताले तोड़कर 50 हजार की नकदी व जेवर समेट लिए। इसबीच जय नारायन की पत्नी जयदेवी (46) की नींद टूट गई। घर में बदमाशों को लूटपाट करते देख जयदेवी उनसे भिड़ गई। यह देख एक बदमाश ने जयदेवी पर चाकू से हमला कर दिया। चीख सुनते ही अन्य ग्रामीणों की नींद खुल गई। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए घेराबंदी शुरू कर दी। दबाव बढ़ता देख, बदमाश करीब दो लाख का माल लेकर फरार हो गए। तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। घायल महिला को रेउसा सीएचसी में भर्ती कराने पर डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए, उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के संबंध में गृहस्वामी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। गृहस्वामी ने बताया कि बदमाश जो माल ले गए हैं, वो गृहस्वामी के भाई शिवकुमार सिंह का था। पुलिस ने इस मामले में चोरी आदि धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।