थाना परिसर के पुराने पोखरे में हो रहा जल संरक्षण
सफाई के लिए तत्पर रहते पुलिस के जवान
सिद्धार्थनगर : तहसील अंतर्गत त्रिलोकपुर थाना जल संरक्षण की दिशा में भी मिसाल प्रस्तुत कर रहा है। जनपद की सीमा पर बसे थाना परिसर में करीब दो बीघा भूमि पर बना यह पोखरा काफी पुराना है। जहां जल संरक्षण पर पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
पोखरे को जलाच्छादित करने के लिए मोटर की व्यवस्था है। इसकी साफ- सफाई पर भी विशेष नजर रखी जाती है। पोखरे के आसपास गंदगी न रहे और नियमित सफाई होती रहे। इसके लिए पुलिस जवान सदैव तत्पर रहते हैं। पोखरे के पास लगे छायादार वृक्ष तपन भरी गर्मी में फरियादियों को शीतलता प्रदान करते है। बलरामपुर जनपद की सीमा से सटा यह थाना काफी पुराना है। सुबह-शाम इस पोखरे की छटा देखते ही बनती है, जब नाना प्रकार के पक्षी इस पोखरे में उतर कर चहचहाहट कर रहे होते हैं। छायादार वृक्षों के कारण सिर्फ पक्षियों को ही आराम नहीं मिलता बल्कि यहां फरियाद लेकर आने वाले लोगों को भी छांव और शीतलता का आनंद प्राप्त होता है। लगभग हर दो से तीन दिन के अंतराल पर मोटर चलाकर जल के तल को मेंटेन रखा जाता है। परिसर की सफाई के दौरान पोखरे के आसपास गिरे सूखे पत्तों को हटाया जाता है। हर महीने में एक बार पोखरे की गंदगी की भी सफाई की जाती है। प्रभारी निरीक्षक रणधीर कुमार मिश्र ने बताया कि जल संरक्षण की दिशा में सभी पुलिस कर्मी तत्पर रहते हैं। पोखरे के रख-रखाव व साफ सफाई खुद पुलिस जवान करते हैं।