सांप काटने से युवक की मौत
थाना क्षेत्र के ग्राम बनगवा में गुरुवार की रात सांप के काटने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम शिव प्रसाद चौधरी है।
सिद्धार्थनगर: थाना क्षेत्र के ग्राम बनगवा में गुरुवार की रात सांप के काटने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम शिव प्रसाद चौधरी है।
शिव रात 10 बजे पेशाब करने घर से बाहर निकले थे, इसी दौरान उन्हें जहरीले जंतु ने काट लिया और वह वहीं मूर्छित होकर गिर पड़े। स्वजन बांसी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए ,जहां चिकित्सकों ने सांप काटने की पुष्टि करते हुए मृत घोषित कर दिया। मृतक के घर पहुंचे सांसद जगदंबिका पाल ने घर के अकेले सदस्य के रूप में बचे आठ वर्षीय पुत्र को ढांढस बंधाया। शिव के चचेरे भाई व ग्राम प्रधान से बच्चे की देखभाल करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत फोन करिए। इकलौते शिव प्रसाद चौधरी जब आठ वर्ष के थे ,तभी उनके पिता दुनिया को छोड़ कर चले गए। उनका पालन पोषण चाचा गजेंद्र चौधरी ने किया था। इसे संयोग ही कहा जाए कि ठीक 25 वर्ष बाद शिव का आठ वर्षीय इकलौता पुत्र आकाश चौधरी भी बिना पिता के हो गए।