विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में एक साथ उठीं तीन अर्थियां, अगल-बगल दफन हुए तीनों दोस्त

Published: Thu, 15 Oct 2026 11:00 PM (GMT+05:30)

सिद्धार्थनगर के भवानीगंज में दुर्गा पूजा से लौट रहे तीन दोस्तों इंद्रजीत, विशाल और मुकेश की सड़क हादसे में मौत ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. दुर्गा पूजा से लौटते समय हुआ भीषण हादसा।

  2. तीन दोस्त इंद्रजीत, विशाल, मुकेश की मृत्यु।

  3. एक साथ दफनाए गए तीनों दोस्त, गांव गमगीन।

संवाद सूत्र, भवानीगंज। तीनों दोस्त साथ जीने-मिलने की कसमें खाते थे, लेकिन किसे पता था कि उनकी दोस्ती का अंत इस तरह होगा। मंगलवार की रात दुर्गा पूजा देखकर घर लौट रहे तीनों दोस्तों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। बुधवार की रात जब एक ही वाहन से तीनों के शव गांव पहुंचे तो हर तरफ चीख-पुकार मच गई। अंतिम विदाई के समय एक साथ तीन अर्थियां उठीं।

गांव के उत्तर स्थित श्मशान घाट पर अगल-बगल तीन कब्रें खोदी गईं और तीनों दोस्तों को एक साथ सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। भवानीगंज थाना क्षेत्र के चौरा बनगंवा निवासी इंद्रजीत, विशाल और मुकेश अग्रहरि मंगलवार की रात बाइक से दुर्गा पूजा का कार्यक्रम देखने गए थे। रात करीब 12 बजे तीनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान बयारा चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। शवों का परीक्षण कराने के बाद बुधवार रात करीब नौ बजे तीनों के शव गांव पहुंचे।

वाहन देखते ही स्वजन की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो उठा। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। तीन जवान बेटों की एक साथ मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रात करीब 11 बजे तीनों को एक साथ दफनाया गया। दोस्ती की यह अंतिम तस्वीर देखकर ग्रामीणों की आंखें भर आईं।

यह भी पढ़ें- प्रेमी से मिलने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी किशोरी, सिद्धार्थनगर में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा