सिद्धार्थनगर: सोने की कीमतों में गिरावट से सराफा बाजार में खरीदारी डेढ़ गुना बढ़ी, घाटे में कारोबारी
सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पर जहां डेढ़ गुना तक बिक्री बढ़ी है।

शहर के एक ज्वेलरी के दुकान में खरीदारी करते लोग। जागरण
HighLights
सोने की कीमतों में गिरावट से सिद्धार्थनगर में जेवरों की खरीदारी बढ़ी।
जिला मुख्यालय पर भारी जेवरों की बिक्री में डेढ़ गुना उछाल।
शोहरतगढ़ में पुराने स्टॉक और जीएसटी से कारोबारियों को नुकसान।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। सोने की कीमतों में गिरावट का असर जिले के सराफा बाजार में साफ दिखाई देने लगा है। जिला मुख्यालय पर ग्राहक घटे भाव का लाभ उठाकर भारी जेवरों की खरीदारी कर रहे हैं तो शोहरतगढ़ में पुराने महंगे स्टाक के कारण कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कहीं बिक्री में डेढ़ गुना तक उछाल है तो कहीं जीएसटी और अन्य शुल्क जुड़ने के बाद ग्राहक खरीदारी से पीछे हट रहे हैं।
जिला मुख्यालय के सराफा कारोबारी आनंद अग्रहरि बताते हैं कि सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट से बाजार में खरीदारी बढ़ी है। ग्राहक हल्के आभूषणों के बजाय भारी जेवर पसंद कर रहे हैं। लगन को देखते हुए हार, मांगटीका, झुमका और झाल की मांग बढ़ी है। चांदी के आभूषण खरीदने वाले कुछ ग्राहक भी सोने के हल्के जेवरों की ओर रुख कर रहे हैं। उनके अनुसार कारोबार में करीब डेढ़ गुना वृद्धि हुई है।
वहीं, शोहरतगढ़ के सराफा बाजार की तस्वीर कुछ अलग है। यहां कारोबारियों का कहना है कि महंगे भाव पर खरीदे गए पुराने स्टाक की बिक्री में नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्राहक जेवर पसंद करने के बाद तीन प्रतिशत जीएसटी जुड़ने पर खरीदारी टाल देते हैं। ऐसे में दुकानदारों को कम बनवाई लेकर जेवर बेचने पड़ रहे हैं। कस्बे में मंगलसूत्र, झाला, लटकन और हार की मांग है, जबकि चांदी में पायल, पावजेब और बिछिया खरीदी जा रही हैं।
शुद्धता परखने के बाद ही खरीद रहे आभूषण
कारोबारी टिंकू वर्मा, अर्जुन कसौधन, दीपक वर्मा और विनोद कुमार वर्मा के अनुसार इन दिनों 750 अंकित 18 कैरेट हालमार्क के जेवरों की मांग अधिक है। ग्राहक गोल्ड टेस्ट मशीन से सोने की शुद्धता भी परख रहे हैं। उनके मुताबिक 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1.74 लाख रुपये प्रति किलोग्राम है। कारोबारियों का कहना है कि ग्रामीण ग्राहक उधार पर भी जेवर लेने की मांग कर रहे हैं। कुल मिलाकर कीमतों में गिरावट ने ग्राहकों की पसंद और बाजार के कारोबार, दोनों का गणित बदल दिया है।