जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर: न्यायालय परिसर से गुरुवार को पुलिस कर्मियों को चकमा देकर एक महिला फरार हो गई। महिला की पहचान शोहरतगढ़ थाने के पिपरहवा निवासिनी सबरून्निशां के रूप में हुई है। वह दलित उत्पीड़न के एक मामले में दो अन्य आरोपितों के साथ न्यायालय परिसर में जमानत लेने गई थी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि वह इस संबंध में कुछ भी कहने से किनारा कर रही है।
दलित उत्पीड़न के मामले में आरोपित है महिला
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के पिपरहवा गांव निवासी अवधराम ने गांव निवासी यार मोहम्मद उर्फ विजयी, मुस्तकीम व सबरुन्निशां के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से दलित उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित पक्ष की ओर से गवाह पेश हुए। इसके बाद तीनों आरोपित गुरुवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायालय एससी-एसटी कोर्ट में हाजिर हुए। वहां उनके जमानत प्रार्थना पत्र में तकनीकी दिक्कत के चलते उन्हें अगली सुनवाई पर बुलाया गया। बता दें तीनों पुलिस की हिरासत में थे।
पुलिस ने नेपाल बार्डर से दबोचा
सुनवाई के बाद न्यायालय परिसर में पुलिस कर्मियों को चकमा देकर सबरून्निशां भाग निकली, जबकि मोहम्मद व मुस्तकीम को पुलिस ने जेल भेज दिया। सबरून्निशां के भागने की जानकारी होते हुए पुलिस कर्मियों में खलबली मच गई। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। रात करीब आठ बजे पुलिस ने उसे नेपाल बार्डर से पकड़ लिया। हालांकि पुलिस इस पर कुछ भी कहने से किनारा कर रही है।