सिद्धार्थनगर में सड़क हादसा, ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर; दो लोगों की गई जान
सिद्धार्थनगर के बांसी में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
सिद्धार्थनगर के बांसी में भीषण सड़क हादसा हुआ।
ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो की मौत।
पुलिस ने जांच शुरू की, ट्रेलर चालक फरार है।
जागरण संवाददाता, बांसी (सिद्धार्थनगर)। ट्रेलर की चपेट में आने से शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों संतकबीरनगर जिले के सनई के पास एक गांव में रिश्तेदारी में बच्चे की मृत्यु होने पर शोक संवेदना व्यक्त करने आए थे। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान शिवसागर पांडेय पुत्र रामनिवास पांडेय, निवासी महुली, जिला संतकबीरनगर और वीरेंद्र पांडेय पुत्र शिवपूजन पांडेय निवासी मझौवा खुर्द, थाना रुधौली, जिला बस्ती के रूप में हुई है।
शुक्रवार को 53 वर्षीय शिवसागर व उनके परिवार के अन्य सदस्य शाम को घर लौट रहे थे। परिवार के सदस्य आगे निकल गए थे, जबकि शिवसागर और वीरेंद्र बाइक से पीछे रह गए थे। बांसी कोतवाली के सोनखर चौराहे के पास पीछे से ट्रेलर की टक्कर लगने पर दोनों सड़क पर गिर पड़े। आशंका है कि इसके बाद ट्रेलर का पिछला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया। दोनों की कमर में गंभीर चोटें आई थीं।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों को एंबुलेंस से संयुक्त चिकित्सालय बांसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक का पंजीकरण नंबर यूपी 51 बीई 1032 है। पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे की सूचना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
