सिद्धार्थनगर में महिला से दुष्कर्म कर फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा, कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
सिद्धार्थनगर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी सुनील विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है।

आरोपी को त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सिंगारजोत-बलरामपुर सीमा से पकड़ा गया और विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा गया।
HighLights
दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार किया गया।
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र से आरोपी सुनील विश्वकर्मा पकड़ा गया।
विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेजा गया।
जागरण संवाददाता, इटवा (सिद्धार्थनगर)। महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सिंगारजोत-बलरामपुर सीमा पर कहीं भागने की फिराक में था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गांव की महिला 31 अक्टूबर को शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के सुनील पुत्र लवकुश विश्वकर्मा ने उसे पकड़ लिया और जबरदस्ती दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता त्रिलोकपुर थाने पहुंची और आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने 3 नवंबर को तहरीर के आधार पर दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच गुरुवार को सूचना मिली कि आरोपी सिंगारजोत-बलरामपुर सीमा पर दिखाई दिया है और वहां से भागने की कोशिश में है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में आरक्षी नितिन पाठक, आशीष कुमार मौर्या और ओंकार प्रजापति शामिल रहे। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया है।