विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर में बिजली के झटके से युवक की मौत, एक मजदूर झुलसा

Published: Thu, 20 Aug 2026 03:20 PM (GMT+05:30)

सिद्धार्थनगर के इटवा में टेंट का सामान ले जा रहे युवक की बिजली के तार की चपेट में आने से ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. इटवा में टेंट कर्मी की बिजली तार से दर्दनाक मौत।

  2. ट्रैक्टर-ट्राली पर सामान ले जाते समय हुआ यह हादसा।

  3. एक अन्य मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलसा।

जागरण संवाददाता, इटवा, (सिद्धार्थनगर)। टेंट का सामान ट्रैक्टर-ट्राली पर लादकर लौट रहे युवक की बिजली के तार की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से स्पर्श होते ही उसमें करंट उतर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इटवा थानांतर्गत दर्शनिया गांव निवासी 38 वर्षीय जिलाजीत यादव पुत्र परशुराम यादव टेंट लगाने का काम करते थे। करहिया गोसाई गांव में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने टेंट लगाया था। बुधवार को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह ट्रैक्टर-ट्राली पर टेंट का सामान लादकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामान में रखा लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से छू गया।

तार के संपर्क में आते ही पाइप में करंट उतर गया और जिलाजीत उसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने पर आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर जेल में ब्रिटिश नागरिक जार्डन ब्राउन की विशेष निगरानी, आक्रामक व्यवहार से स्टाफ परेशान

सरिया हाईटेंशन लाइन से छूने पर मजदूर झुलसा
जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन भवन में काम कर रहा मजदूर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गया। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली पड़री गांव निवासी 26 वर्षीय दिलीप विश्वकर्मा पुत्र राम अजोरे शीतल भीटा गांव में निर्माणाधीन भवन की छत पर सरिया काटने और बिछाने का काम कर रहा था।

गुरुवार को सरिया अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार से छू गई। तेज झटका लगने से दिलीप दूर जा गिरा। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे मजदूरों और ग्रामीणों ने उसे तत्काल बिस्कोहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई गई।