सिद्धार्थनगर के बांसी में मकान में लगी आग, पुलिस ने फालिजग्रस्त वृद्ध को बचाया
सिद्धार्थनगर के बांसी में एक मकान में भीषण आग लगने से फालिजग्रस्त 70 वर्षीय वृद्ध राजेंद्र अग्रहरि ऊपरी मंजिल में ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
बांसी में मकान में आग, वृद्ध ऊपरी मंजिल में फंसे।
पुलिस-अग्निशमन टीम ने फालिजग्रस्त वृद्ध को सुरक्षित निकाला।
धुएं से सांस लेने में दिक्कत, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, बांसी (सिद्धार्थनगर)। श्याम नगर मोहल्ले में शनिवार सुबह मकान में लगी भीषण आग में फालिजग्रस्त 70 वर्षीय वृद्ध ऊपर की मंजिल में फंस गए। आग और धुएं से घिरे राजेंद्र अग्रहरि को पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम ने लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें 50 शैय्या युक्त संयुक्त चिकित्सालय बांसी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है।
अश्वनी अग्रहरि के मकान में सुबह करीब साढ़े 10 बजे शार्ट सर्किट से आग लगी। उस समय घर में पांच सदस्य थे। आग लगते ही चार सदस्य बाहर निकल आए, लेकिन फालिजग्रस्त राजेंद्र अग्रहरि ऊपर की मंजिल में फंस गए। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे के भीतर बांसी क्षेत्राधिकारी शुबेंदु सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक पुलिस टीम और अग्निशमन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। राहत-बचाव अभियान चलाकर वृद्ध को बाहर निकाला गया।
बताया गया कि आग मकान की निचली मंजिल से शुरू होकर ऊपर तक पहुंच गई। घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। गृहस्वामी अश्वनी अग्रहरि ने चार लाख रुपये से अधिक के नुकसान की बात बताई है। आग के दौरान घर में रखे दो सिलेंडर भी फट गए। इससे मोहल्ले में दहशत फैल गई।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में पंचायत भवन विवाद पर भड़की हिंसा, दो गुटों में खूनी संघर्ष
आग की लपटें तेज होते देख अगल-बगल के मकान मालिक भी अपने घर छोड़कर बाहर भाग निकले। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के मकानों को खाली कराया गया। लोगों में आग के दूसरे घरों तक फैलने की आशंका बनी रही। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
वृद्ध को अस्पताल में भर्ती किए जाने की सूचना पर पूर्व मंत्री एवं विधायक जय प्रताप सिंह, जोगी बाबा और निखिल प्रताप सिंह भी संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे और उनका हाल जाना।
