सिद्धार्थनगर में रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने पर बीएसए की बड़ी कार्रवाई, लिपिक निलंबित
सिद्धार्थनगर में बीएसए कार्यालय के एक लिपिक को रिश्वत मांगने के वायरल वीडियो के बाद निलंबित कर दिया गया है। ...और पढ़ें
-1792065871550_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
बीएसए कार्यालय लिपिक रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित।
शिक्षक के इंक्रीमेंट बहाली के लिए मांगी गई थी रिश्वत।
बीएसए शैलेश कुमार ने वीडियो का स्वत: संज्ञान लिया।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। बीएसए कार्यालय में कार्यरत एक लिपिक का रिश्वत मांगने से संबंधित वीडियो प्रसारित हो रहा है। बीएसए शैलेश कुमार ने गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे इस वीडियो को स्वत: संज्ञान में लेने के बाद लिपिक मनीष कुमार उपाध्याय को निलंबित कर दिया। लखनऊ के एक विभागीय अधिकारी ने बीएसए को फोन करने के बाद वीडियो के संबंध में अवगत कराया।
संबंधित लिपिक को खंड शिक्षा अधिकारी नौगढ़ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इसकी जांच वित्त एवं लेखाधिकारी अभिनव कुमार सिंह व बीइओ शोहरतगढ़ संजय कुमार को दी गई है। बीएसए कार्यालय के एक लिपिक का बढ़नी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक शिक्षक से रिश्वत मांगने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में शिक्षक के रुके हुए इंक्रीमेंट को फिर से बहाल करने से संबंधित बातचीत होती दिखाई दे रही है।
वीडियो के फ्रेम में आरोपित लिपिक का चेहरा दिखाई दे रहा है और वह अधिकारियों का पदनाम लेते हुए, कहते हैं कि इनका हिस्सा जब पहुंचेगा तो काम आगे बढ़ेगा। यह मामला लखनऊ के विभागीय कार्यालय तक पहुंच गया। वहां के एक समकक्ष अधिकारी ने बीएसए को फोन किया और बीएसए को अवगत कराया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए संबंधित का निलंबन आदेश जारी किया गया
इंटरनेट मीडिया पर लिपिक का काम कराने के लिए रिश्वत मांगने से संबंधित वीडियो प्रसारित हो रहा है। इसे स्वत: संज्ञान में लेने के बाद संबंधित लिपिक को निलंबित कर दिया गया है। अभी तक इस मामले में किसी ने शिकायत नहीं दर्ज कराई है। वीडियो में शिक्षक का चेहरा भी नहीं दिखाई दे रहा है। लेकिन जिसका नाम ज्ञात हुआ है, उसे बुलाकर पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। -शैलेश कुमार, बीएसए
