प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बदहाल
दिल्ली माडल टाउन से विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यूपी हत्या व बलात्कार का प्रदेश बन गया है। यह ऐसा राज्य है जहां दारोगा सिपाही लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
सिद्धार्थनगर :आम आदमी पार्टी के दिल्ली माडल टाउन से विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यूपी हत्या व बलात्कार का प्रदेश बन गया है। यह ऐसा राज्य है जहां दारोगा, सिपाही लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को चैलेंज किए थे कि सुंदर विद्यालय उत्तर प्रदेश में है, जबकि वह जिले के पास स्थित एक विद्यालय में गए तो वहां न तो बैठने के लिए कुर्सी थी और न ही शौचालय।
आप विधायक सोमवार को बिस्कोहर नगर पंचायत के मझौवा में महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सुनीता शुक्ला के तत्वावधान में आयोजित पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विद्यालयों में जब बच्चे स्कूल जाते हैं और वहां अंगूठा लगाते हैं तो इसका मोबाइल से मैसेज अभिभावकों को पहुंच जाता है, की आपका बच्चा स्कूल पहुंच गया है। जबकि यूपी क्या शिक्षामंत्री के गृह जनपद में स्कूलों की स्थिति बदहाल है। दिल्ली में दो रुपया पर यूनिट बिजली मिलती है वहीं उत्तर प्रदेश में आठ रुपये पर यूनिट बिजली का मूल्य वसूला जाता है। दिल्ली की अरविद केजरीवाल की सरकार आज उदाहरण के रूप में देखी जाती है। भाजपा व कांग्रेस के लोग कहते थे कि सरकार नहीं चला पाएंगे, लेकिन केजरीवाल सरकार ने बेहतर सरकार चलाकर इसका मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष राम धीरज गुप्ता, मो. आमीन, शैलेश कुमार गौतम, दिनेश तिवारी, कृष्णकुमार, राम सुमिरन यादव, राजू पाण्डेय, उमेश तिवारी आदि उपस्थित रहे। अज्ञात चोरों ने उड़ाए लाखों के गहने व नकदी
सिद्धार्थनगर : डुमरियागंज थाना क्षेत्र के हल्लौर स्थित मीरा बाबा कालोनी के एक मकान में रविवार की रात अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर घर के कीमती सामान के साथ पांच लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोर घने कोहरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
रविवार की रात मीरा बाबा ग्राउंड में सुल्तान अहमद पुत्र अतहर हुसैन मकान बनाकर रहते हैं। रात वे अपने परिवार के साथ अपने पिता के मकान पर चले गए थे। सुबह जब वे अपने मकान पर पहुंचे तो देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा है। जब अंदर गए तो देखा कि एक कमरे में रखी अलमारी खुली हुई है। उसमें रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित सुल्तान अहमद ने बताया कि घर में बीबी बच्चों व दुल्हन के गहने और नकद सत्तर हजार रुपये, नए कपड़े गायब हैं। उन्होंने बताया कि घर में बेटे की शादी की तैयारी चल रही थी। जो अब चोरी की घटना से फीकी पड़ गई है। उन्होंने डुमरियागंज थाने पर तहरीर दी। जिस पर फारेंसिक टीम के प्रभारी वेद प्रकाश मिश्रा, सहायक अमरनाथ, सहायक आशुतोष ने आकर पूरे मकान की जांच कर नमूना लिया। कोतवाल कृष्ण देव सिंह ने बताया कि चोरों द्वारा छोड़े गए क्लू से जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा। सीमा पर संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत मिली महिला
लोटन कोतवाली के चिउरहिया गांव के पास सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला अचेत अवस्था में मिली है। उसके सिर पर गहरे चोट के निशान है। यह गांव नेपाल सीमा से सटा हुआ है। ग्रामीणों ने महिला के मिलने की सूचना पुलिस को दी। वह कहां से आई है और कहां की रहने वाली है, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। एसओ लोटन राम आशीष यादव ने बताया कि पुलिस ने महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति स्थिर है। होश में आने के बाद पूरा मामले की जानकारी होगी।