विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोने में रेनियम केमिकल की मिलावट से वजन बढ़ने का दावा, हॉलमार्क मशीन भी जांच करने में हो रही फेल

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:30 PM (IST)

बाजार में रेनियम नामक केमिकल से सोने में मिलावट की चर्चा है, जिससे आभूषणों का वजन बढ़ जाता है और हॉलमार्क मशीन भी इसे पकड़ नहीं पाती।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. रेनियम केमिकल से सोने का वजन बढ़ने का दावा।

  2. हॉलमार्क मशीनें मिलावट पकड़ने में असमर्थ बताई जा रही हैं।

  3. उपभोक्ताओं के भरोसे और शुद्धता पर गंभीर सवाल।

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। सोने की शुद्धता और खरीदारी में पारदर्शिता को लेकर नई चिंता सामने आई है। बाजार में चीन निर्मित बताए जा रहे रेनियम नामक केमिकल से सोने में मिलावट किए जाने की चर्चा है।

दावा किया जा रहा है कि इस केमिकल को मिलाने से सोने के आभूषणों का वजन बढ़ जाता है, जबकि सामान्य हालमार्क जांच मशीन भी इसकी मिलावट पकड़ने में सक्षम नहीं है। इससे सोने की शुद्धता की जांच और उपभोक्ताओं के हितों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, जनपद में इस तरह की मिलावट का कोई मामला सामने नहीं आया है।

स्वर्ण व्यवसायियों के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर रेनियम केमिकल से सोने में मिलावट किए जाने से संबंधित पोस्ट प्रसारित हो रही हैं। इनमें दावा किया जा रहा है कि केमिकल मिलाने के बाद सोने का वास्तविक वजन बढ़ जाता है।

चर्चा है कि चीन में इसका निर्माण होता है और वहां से एजेंटों के माध्यम से मुंबई तथा अहमदाबाद जैसे महानगरों तक इसकी आपूर्ति की जा रही है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि इस तरह की मिलावट से सोने की सामान्य जांच प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है। यदि जांच में इसकी पहचान नहीं हो पाती है तो खरीदार को आभूषण की वास्तविक संरचना और वजन के बारे में सही जानकारी मिलना कठिन हो सकता है। इससे सर्राफा कारोबार में ग्राहकों का भरोसा प्रभावित होने की आशंका है।

स्वर्ण व्यवसायी सुनील वर्मा ने बताया कि रेनियम केमिकल के मिश्रण से संबंधित पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही हैं। इससे स्वर्ण कारोबार की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। अभी जनपद में इस तरह की मिलावट की कोई सूचना नहीं है। ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता है।

रेनियम केमिकल से संबंधित मामला फिलहाल जनपद में सामने नहीं आया है, लेकिन इस तरह की चर्चाएं स्वर्ण कारोबार के लिए हितकर नहीं हैं। इससे व्यवसायियों की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। शासन को मामले का संज्ञान लेकर इसकी जांच करानी चाहिए और मिलावट की आशंका पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। -मिठ्ठू अग्रहरि, जिलाध्यक्ष, स्वर्ण व्यवसाय संघ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।