भ्रम फैला कर राजनीतिक रोटी सेंक रहे विपक्षी: जय प्रताप
नगर पालिका के आर्य नगर वार्ड स्थित भाजपा कार्यकर्ता के घर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह ने चौपाल लगाकर सीएए कानून के प्रति लोगों को जागरूक किया।
सिद्धार्थनगर: नगर पालिका के आर्य नगर वार्ड स्थित भाजपा कार्यकर्ता के घर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह ने चौपाल लगाकर सीएए कानून के प्रति लोगों को जागरूक किया। नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि इसे बेवजह का मुद्दा बना कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। जबकि यह कानून भारत में रहने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है ।
वह वार्ड के एक-एक घर पर गए और विपक्ष द्वारा की जा रही ओछी राजनीति पर लोगों को सतर्क रहने को कहा। वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वर चंद्र दूबे एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित हुए चौपाल में उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून की सहायता से पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बंगलादेश में धार्मिक उत्पीड़न के कारण वहां से विस्थापित हिन्दू, जैन, बौद्ध, पारसी और इसाई, धर्म के लोगों को भारत की नागरिकता दी जाएगी। जो लोग 31 दिसम्बर 2014 के पूर्व से भारत में हैं उन्हें इससे कोई नुकसान नहीं होगा। विपक्षी पार्टियां भ्रम फैला कर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने में लगी है। वह इसी बहाने मजहबी जहर घोलने के फिराक में हैं हमें इन्हें मुंहतोड़ जवाब देना होगा। मंत्री पुत्र अभय प्रताप सिंह, प्रभाष्कर राय, मंगल चौरसिया, जगजीवन गोड़, राम शरन मौर्य, राजेश कुमार उर्फ गुड्डू गुप्ता, कुबेर बारी, राम चंद्र आदि मौजूद रहे।