एनएच 730 की धीमी गति पर फटकार
बारिश में पानी भरने पर हो रही दुर्घटनाएं
सिद्धार्थनगर : नौगढ़-बढ़नी 730 राजमार्ग की धीमी गति को प्रशासन ने संज्ञान में लिया। काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। मुख्यालय पर विभाग का दफ्तर खोलने के लिए निर्देशित किया। समस्याओं को दूर करने के अभियंता को मौजूद रहने के लिए कहा।
एनएच 730 के निर्माण की गति धीमी है। अधिकारी भी जिले में मौजूद नहीं रहते है। किसी को कोई बात कहनी होती है तो अधिकारियों की खोज शुरू होती है। अब जाकर प्रशासन की नींद खुली। अधिशासी अभियंता एनएच 730 गोरखपुर परिक्षेत्र को पत्र लिखा। कहा कि नौगढ़-बढ़नी राजमार्ग के निर्माण की गति धीमी है। इस मार्ग पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए है। जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। बारिश में पानी भरने से दुर्घटनाएं घटित हो रही है। 12 जुलाई को नगर विकास मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए गड्ढ़ों को भरने के लिए कहा गया था। उसे भी अनदेखा कर दिया गया। रोड पर गड्ढे होने के कारण नगर विकास मंत्री को सड़क से यात्रा करने के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा था। जिले में एनएच 730 का काम चल रहा है लेकिन अभी तक विभाग का कोई कार्यालय नहीं खुला। बैठक में विभागीय अभियंता भी नहीं पहुंचते है। जिससे शासन के दिशानिर्देशों के संबंध में समय से जानकारी भी नहीं हो पाती है। इसको संज्ञान में लेने के बाद जिले में एक कार्यालय खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
..
एनएच 730 निर्माण की धीमी गति को संज्ञान में लिया गया है। गड्ढों को भरने के लिए कहा गया है। कार्य की गति को तेज करने के लिए भी कहा गया है। मुख्यालय पर विभाग का आफिस खोलने के लिए निर्देशित किया गया है।
कुणाल सिल्कू
डीएम