नेपाल में खराब मौसम से हवाई यातायात बेपटरी, तीन एयरपोर्ट हुए बंद
नेपाल में खराब मौसम के कारण रविवार सुबह हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिससे भरतपुर, सुर्खेत और भैरहवा हवाई ...और पढ़ें
-1793525940559_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
नेपाल में खराब मौसम से हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित।
भरतपुर, सुर्खेत, भैरहवा हवाई अड्डों पर उड़ानें बंद।
काठमांडू में कम दृश्यता, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें डायवर्ट।
जागरण संवाददाता, शोहरतगढ़। नेपाल में रविवार सुबह खराब मौसम के चलते हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। भरतपुर, सुर्खेत और भैरहवा हवाई अड्डों पर उड़ानें और लैंडिंग बंद रहीं। वहीं, राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी विमानों के आवागमन में दिक्कत आई। मौसम की खराब स्थिति के कारण शनिवार रात काठमांडू आने वाली दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भारत के अलग-अलग शहरों में डायवर्ट करना पड़ा।
नेपाल कांतिपुर के अनुसार थाई एयरवेज की बैंकाक-काठमांडू उड़ान को कोलकाता और एयर इंडिया की दिल्ली-काठमांडू उड़ान को लखनऊ भेजा गया। दोनों विमान रविवार सुबह तक नेपाल वापस नहीं लौटे थे। उधर, शुक्रवार और शनिवार को बंद रहा लुक्ला हवाई अड्डा रविवार को फिर से संचालित हो गया।
त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता संजय कुमार के अनुसार, रविवार सुबह काठमांडू में दृश्यता घटकर तीन हजार मीटर रह गई, जबकि बादलों की ऊंचाई 500 फीट दर्ज की गई। मौसम में लगातार बदलाव के कारण विमानों का अप्रोच अस्थिर हो रहा है। श्रीएयरलाइंस की एक माउंटेन फ्लाइट को गो-अराउंड करना पड़ा, जबकि बुद्ध एयर के दो विमानों ने मिस्ड अप्रोच किया।
फिलहाल काठमांडू में इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट रूल्स (आईएफआर) के तहत उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इसके तहत अंतरराष्ट्रीय विमानों के बीच 10 से 12 मिनट और घरेलू उड़ानों के बीच पांच से छह मिनट का अंतराल रखना पड़ रहा है। रविवार को काठमांडू से घरेलू क्षेत्र में 144 उड़ानों का संचालन प्रस्तावित है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या करीब 100 है।