यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दम घुटने से हुई मां और बेटी की मृत्यु
भिटौरा गांव शांति देवी व उनकी अविवाहित बेटी बीना का शव शुक्रवार की सुबह अहिरौला गांव स्थित पोखरे से मिला।

दम घुटने से हुई मां और बेटी की मृत्यु
सिद्धार्थनगर : भिटौरा गांव निवासिनी 75 वर्षीय शांति देवी व उनकी 25 वर्षीय अविवाहित बेटी बीना का शव शुक्रवार की सुबह अहिरौला गांव स्थित पोखरे से मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मृत्यु का कारण दम घुटने से होना पाया गया। पुलिस मान रही है कि पानी में ही दम घुटने से दोनों की मृत्यु हुई, लेकिन कई अनुत्तरित सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना शेष है। यह हत्या है अथवा आत्महत्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन अब तक की जांच इसे आत्महत्या ही बता रही है।
जिस पोखरे से दोनों की शव मिला वह पुराने घर जहां सिर्फ मां और बेटी रहती थीं। वहां से लगभग 400 मीटर की दूरी पर है। गांव वालों के मुताबिक शांति देवी काफी बुजुर्ग हो चुकी थीं और उन्हें चलने के साथ उठने बैठने में तकलीफ थी, ऐसे में वह पोखरे तक चलकर कैसे पहुंची। पोखरे के निकट ही मां बेटी के चप्पल करीने से रखे पाए गए, आत्महत्या करने से पहले उन्हें चप्पल निकालने का ख्याल कैसे आ गया। चप्पल पूरी तरह से साफ सुथरे थे जबकि घर से पोखरे के रास्ते पर जगह-जगह कीचड़ है, चप्पल में कीचड़ कैसे नहीं लगा। पुराने घर के इर्द-गिर्द कई मकान हैं, अगर घर में कोई विवाद हुआ था तो पड़ोसियों को भनक कैसे नहीं लगी। सबसे महत्वपूर्ण कि ऐसा कौन सा विवाद हुआ जिसके कारण दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। बहरहाल इन प्रश्नों के जवाब नहीं मिल सके हैं। शुक्रवार देर रात बड़े बेटे अभिलाष ने मां और बहन को नम आंखों के साथ मुखाग्नि दी। वहीं छोटे बेटे राजेश को पुलिस ट्रेनिंग से सिर्फ दो दिन की छुट्टी मिली है। वह भी शाम को अपनी मायके गई पत्नी को घर लेकर पहुंचा।
डुमरियागंज के सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हुआ है कि दोनों की मृत्यु दम घुटने के कारण हुई। शायद डूबने के कारण दम घुटा हो। जांच में यह पता चला कि घर में कुछ विवाद हुआ था, लेकिन क्या विवाद हुआ इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो सकी, जांच चल रही है। अगर स्वजन तहरीर देते हैं तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
