भारत की 24 हजार करोड़ की मदद से फिर खड़ा होगा बाढ़ प्रभावित नेपाल, ऐतिहासिक रिश्तों को मिली नई धार
भारत सरकार द्वारा घोषित 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये की सहायता से नेपाल में प्राकृतिक आपदा के बाद पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलेगी।

फोटो स्रोत- प्रधानमंत्री के आधिकारिक X हैंडल से।
HighLights
भारत ने नेपाल को 24 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी।
यह मदद नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में सहायक।
दोनों देशों के ऐतिहासिक और पारिवारिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।
संवाद सूत्र, ककरहवा, (सिद्धार्थनगर)। प्राकृतिक आपदा से तबाह नेपाल के पुनर्निर्माण को भारत की आर्थिक सहायता से नई गति मिलने की उम्मीद है। भारत सरकार की ओर से घोषित 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के सहायता पैकेज का नेपाल में स्वागत हो रहा है।
सीमावर्ती नागरिक इसे केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि दोनों देशों के गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों की मजबूती के रूप में देख रहे हैं। भारत की सीमा से सटे रुपंदेही और कपिलवस्तु जिलों में इस घोषणा को लेकर खासा उत्साह है। लोगों का मानना है कि संकट की घड़ी में भारत की पहल नेपाल के लिए बड़ी राहत होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह (बालेन शाह) के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद सहायता की घोषणा की। नेपाल में इस पहल को लेकर सकारात्मक चर्चा है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि आर्थिक मदद से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पुल, आवास और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण तेज होगा। इससे आपदा प्रभावित परिवारों को सामान्य जीवन की ओर लौटने का अवसर मिलेगा।
अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने कई क्षेत्रों में व्यापक तबाही मचाई थी। बड़ी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त हुए और सड़क-पुलों को भारी नुकसान पहुंचा। कई परिवारों के सामने आवास और आजीविका का संकट खड़ा हो गया था। बुनियादी सुविधाएं प्रभावित होने से जनजीवन पटरी से उतर गया था। ऐसे में भारत की सहायता को नेपाल के दीर्घकालिक पुनर्निर्माण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
भारत हमेशा कठिन परिस्थितियों में नेपाल के साथ खड़ा रहा है। यह आर्थिक सहायता बाढ़ प्रभावित परिवारों को फिर से अपने पैरों पर खड़ा होने और जीवन व्यवस्थित करने में मदद करेगी।
तुलसीराम लामीछाने, लुम्बिनीभारत का यह निर्णय दोनों देशों के ऐतिहासिक और पारिवारिक संबंधों को और प्रगाढ़ करेगा। भारत हमेशा नेपाल के सुख-दुख में सहभागी रहा है। संकट के समय मिला सहयोग दोनों देशों की मित्रता का प्रमाण है।
मनमोहन चौधरी, लुम्बिनीबाढ़ से नेपाल को भारी क्षति हुई है। भारत की आर्थिक मदद से विकास और पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलेगी तथा प्रभावित क्षेत्रों में सुविधाएं बहाल करने में सहूलियत होगी।
राजेश ज्ञावली, कपिलवस्तुभारत और नेपाल के बीच खुली सीमा के साथ रोटी-बेटी का आत्मीय संबंध है। दोनों देशों के नागरिक एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं। भारत की यह पहल आपसी विश्वास और मित्रता को मजबूत करने वाला संदेश है।
विजया क्षेत्री, कपिलवस्तु
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।