भारत-नेपाल का हवाई मार्ग 17 साल बाद दोतरफा, लखनऊ-भैरहवा कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
भारत और नेपाल के बीच 17 साल बाद बी-345 हवाई मार्ग अब दोनों दिशाओं में संचालित होगा, जिससे लखनऊ-भैरहवा हवाई संपर्क मजबूत होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
प्रेम कौशल, सिद्धार्थनगर। भारत और नेपाल के बीच हवाई संपर्क को नई गति मिलने जा रही है। करीब 17 वर्षों से एकतरफा संचालित बी-345 (काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ) हवाई मार्ग को अब दोनों दिशाओं में विमानों के आवागमन के लिए खोलने पर सहमति बनी है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की नवंबर 2026 में भारत यात्रा के दौरान हुई द्विपक्षीय वार्ता में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। 23 नवंबर को जारी संयुक्त बयान में भी इसका उल्लेख किया गया है। इस पहल से लखनऊ और भैरहवा के बीच हवाई संपर्क मजबूत होने के साथ नेपाल में प्रवेश का रास्ता भी सुगम होने की उम्मीद है।
अब तक एकतरफा संचालन की व्यवस्था के चलते इस हवाई मार्ग का उपयोग सीमित था। दोनों दिशाओं में विमानों की आवाजाही की अनुमति मिलने से नेपाल आने और वहां से भारत लौटने वाले विमानों को अधिक सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। इससे भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के संचालन को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
समय और परिचालन लागत में कमी
हवाई मार्ग के दोतरफा होने से उड़ानों के संचालन में लगने वाले समय और परिचालन लागत में कमी आ सकती है। इसका सीधा लाभ पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को मिलने की उम्मीद है। खासकर भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए आवागमन आसान हो सकता है।
हालांकि, इस व्यवस्था को धरातल पर उतारने के लिए तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी करने और दोनों देशों की संबंधित विमानन एजेंसियों के बीच आगे की बातचीत जरूरी होगी। इस पहल का सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों ने स्वागत किया है।
उनका मानना है कि हवाई संपर्क बेहतर होने से भारत और नेपाल के बीच पर्यटकों तथा कारोबारियों की आवाजाही बढ़ेगी। इसका लाभ होटल, परिवहन, बाजार और स्थानीय कारोबार से जुड़े लोगों को भी मिलेगा।
ककरहवा निवासी दिलीप पाण्डेय ने कहा कि हवाई मार्ग दोतरफा होने से भारत-नेपाल के सीमावर्ती बाजारों को नई मजबूती मिलेगी। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल, परिवहन और छोटे कारोबारियों की आमदनी में भी इजाफा होगा।
यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव 2026: यूपी में 13 दिनों तक दिखेगा भारत और नेपाल की दोस्ती का रंग, 16 फरवरी से होगा आगाज
यह भी पढ़ें- 'जलवायु परिवर्तन भारत और नेपाल के लिए साझा चुनौती', राष्ट्रपति मुर्मु ने साथ मिलकर काम करने पर दिया जोर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।