जानलेवा है तंबाकू, सभी रहें दूर
नगर स्थित तिलक इंटर कालेज में शुक्रवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में तंबाकू से होने वाले नुकसान की जानकारी के साथ-साथ उससे बचने की सलाह दी गई।
सिद्धार्थनगर : नगर स्थित तिलक इंटर कालेज में शुक्रवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में तंबाकू से होने वाले नुकसान की जानकारी के साथ-साथ उससे बचने की सलाह दी गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि तंबाकू जानलेवा है इसके सेवन से मुंह का कैंसर होने की संभावना बढ़ जाती है। छात्रों से अपील किया कि वे न तो इसका सेवन करें और न ही अपने आसपास होने दें। सार्वजनिक स्थल पर तंबाकू का सेवन या बीड़ी सिगरेट का उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है तो 200 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। विद्यालय परिसर में पूर्ण रूप से बीड़ी, सिगरेट, तम्बाकू, गुटखा, पान मसाला का सेवन प्रतिबंधित है। 100 गज के अंदर इसका विक्रय भी प्रतिबंधित है। इसके रोकथाम के लिए कमेटी का गठन किया गया। कमेटी जुर्माना भी वसूल करेगी। कमेटी में डॉ कृष्ण कुमार अध्यक्ष, दो अध्यापक सदस्य, दो छात्र सदस्य एवं आयोजक मंडल महिला उत्थान के प्रतिनिधि विनीत उपाध्याय सदस्य बनाई गई हैं। राजेश कुमार, शिवम त्रिपाठी, अमर दुबे आदि उपस्थित रहे।