विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज में 7 दिन से जाम से स्कूली बच्चे परेशान, नागरिकों ने लगाई प्रशासन से गुहार

Published: Tue, 17 Nov 2026 04:41 PM (IST)

डुमरियागंज में बीते एक सप्ताह से भीषण जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे आम राहगीरों, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस ...और पढ़ें

डुमरियागंज में जाम में फंसे वाहन। तस्वीर- जागरण

डुमरियागंज में जाम में फंसे वाहन। तस्वीर- जागरण

HighLights

  1. डुमरियागंज में एक सप्ताह से भीषण जाम की समस्या।

  2. सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक मुख्य मार्गों पर जाम।

  3. स्कूली बच्चे और एंबुलेंस जाम में फंसकर परेशान।

जागरण संवाददाता, डुमरियागंज(सिद्धार्थनगर)। नगर में इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। बीते एक सप्ताह से डुमरियागंज इटवा रोड सहित मंदिर चौराहा, बैदौला चौराहा और नगर के प्रमुख संपर्क मार्गों पर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। इस अव्यवस्था के कारण आम राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार पर्वो व मांगलिक कार्यक्रमों के चलते बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसके अतिरिक्त गैर-प्रांतों से आए वाहनों के नगर में प्रवेश करने और मुख्य मार्गों पर बेतरतीब ढंग से खड़े होने से यातायात का दबाव कई गुना बढ़ गया है।

जाम का सबसे बुरा असर आवश्यक सेवाओं और नौनिहालों पर पड़ रहा है। दोपहर में स्कूल की छुट्टी के समय स्कूली वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं, जिससे बच्चे भूख-प्यास से बिलबिला उठते हैं। वहीं, सायरन बजाती एंबुलेंस को भी रास्ता न मिल पाने से गंभीर मरीजों की जान पर बन आती है।

नगरवासियों और व्यापारियों में सुगंध अग्रहरि, नेहाल खान, पप्पू मलिक, नौशाद आदि ने प्रशासन से मांग की है कि पीक आवर्स में चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और भारी व बाहरी वाहनों के रूट डायवर्जन की ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि नगर को इस विकराल समस्या से निजात मिल सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।