दीवाली पर 53600 LPG गैस उपभोक्ता नहीं बुक कर सकेंगे सिलिंडर, सिद्धार्थनगर में चेतावनी के बाद टेंशन में लोग
सिद्धार्थनगर में दीवाली से पहले 53,600 रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए मुश्किल बढ़ गई है क्योंकि ई-केवाईसी अपडेट न होने पर सिलेंडर बुकिंग रुक जाएगी।

ई-केवाइसी नहीं कराई तो दीपावली पर नहीं बुक होगा गैस सिलेंडर।
HighLights
सिद्धार्थनगर में 53,600 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अपडेट नहीं।
दीपावली पर बिना केवाईसी रसोई गैस सिलेंडर बुक नहीं होंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से जल्द प्रक्रिया पूरी करने को कहा।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। दीपावली पर रसोई गैस सिलेंडर की जरूरत के बीच जिले के हजारों उपभोक्ताओं की मुश्किल बढ़ सकती है। ई-केवाईसी अपडेट नहीं कराने पर गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं हो सकेगी। जिला पूर्ति कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 6,35,666 रसोई गैस उपभोक्ता हैं।
इनमें 23,600 उज्ज्वला और 30 हजार सामान्य श्रेणी के उपभोक्ताओं की केवाईसी अभी तक अपडेट नहीं हुई है। ऐसे में समय रहते प्रक्रिया पूरी नहीं कराने वालों को त्योहार पर परेशानी उठानी पड़ सकती है।
इटवा सहित जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों पर लंबित केवाईसी पूरी कराने की जरूरत है। इटवा स्थित एचपी गैस एजेंसी के 22,832 उपभोक्ताओं में 554 की केवाईसी अपडेट नहीं है। इनमें 54 उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं। केवाईसी पूरी नहीं होने से उज्ज्वला लाभार्थियों को योजना के तहत मिलने वाली सुविधा प्रभावित हो सकती है, जबकि सामान्य उपभोक्ताओं की भी बुकिंग रुक सकती है।
जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि केवाईसी अपडेट नहीं होने पर सिलेंडर की बुकिंग नहीं हो सकेगी। आपूर्ति निरीक्षक इटवा जितेंद्र सिंह ने भी उपभोक्ताओं से जल्द प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है। त्योहार से पहले केवाईसी अपडेट कराना जरूरी है, ताकि समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।
