विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP: शिक्षा विभाग का कारनामा, दिवंगत और रिटायर्ड अध्यापकों को डायट की ट्रेनिंग लिस्ट में किया शामिल

Published: Fri, 13 Nov 2026 05:55 PM (IST)

शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं क्योंकि मृतक और सेवानिवृत्त शिक्षकों के नाम प्रशिक्षण सूची में शामिल किए ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. मृतक और सेवानिवृत्त शिक्षक प्रशिक्षण सूची में शामिल।

  2. डायट बांसी की प्रशिक्षण सूची पर उठे सवाल।

  3. शिक्षा विभाग के अभिलेखों की लापरवाही उजागर हुई।

जागरण संवाददाता, डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शिक्षकों की छोटी-छोटी गलतियों पर जवाब तलब करने वाला विभाग अपने ही अभिलेखों को दुरुस्त रखने में लापरवाही बरत रहा है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बांसी की ओर से जारी प्रशिक्षण सूची में मृतक और सेवानिवृत्त शिक्षकों के नाम शामिल होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे शिक्षकों को भी तीन दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल होने का निर्देश दिया गया है, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं या वर्षों पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

डायट बांसी की ओर से 30 अक्टूबर को जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी विकास खंडों के 741 शिक्षकों को समर्थ हस्तपुस्तिका आधारित प्रशिक्षण दिया जाना है। 17 नवंबर से दो दिसंबर तक 11 चरणों में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण में जिले के उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को प्रतिभाग करना है। डुमरियागंज ब्लाक की सूची में सेवानिवृत्त शिक्षक स्व. तजमुल्लाह और सेवाकाल में दिवंगत हुए स्व. अंबिका प्रसाद का नाम भी दर्ज है।

इसके अलावा सेवानिवृत्त हो चुके मोहम्मद शमी, नफीस हैदर रिज्वी, मस्तराम चौधरी, इकबाल अहमद और कमल मोहिनी को भी प्रशिक्षण के लिए नामित किया गया है। सूची सामने आने के बाद विभागीय अभिलेखों के अद्यतन होने पर सवाल उठ रहे हैं। इससे प्रशिक्षण की तैयारी और पात्र शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रभारी डायट प्राचार्य फरकान अहमद ने बताया कि बीएसए कार्यालय से प्राप्त सूची के आधार पर प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। इसमें कोई त्रुटि है तो उसे ठीक कराया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।